साढ़े छह महीनों बाद इन शर्तों के साथ होगा रेल का सफर

DeshGaon
सबकी बात Updated On :

इंदौर। लॉकडाउन लागू होने के बाद से सुनसान पड़े महू रेलवे स्टेशन पर अब  जल्दी ही चहल-पहल नजर आएगी। सात अक्टूबर से एक बार फिर यहां से यात्रियों का सफर शुरु होगा। फिलहाल महू से भोपाल के लिए स्पेशल यात्री रेल यहां से रवाना होगी। हालांकि इसके लिए  यात्रियों को सामान्य टिकिट नहीं मिलेंगे बल्कि आरक्षण कराना होगा। इसके  साथ ही रेल के रवाना होने के करीब डेढ घंटे पहले यात्री को स्टेशन पर आना होगा।

लॉकडाउन लागू हाने के बाद 25 मार्च से रेल सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई थी। अब रेलवे प्रशासन द्वारा धीरे-धीरे कुछ यात्री गाडियों का संचालन शुरू कर रहा है। इसी श्रृंखला में कल सात अक्टूबर को महू रेलवे स्टेशन से पहली यात्री गाड़ी महू भोपाल स्पेशल रेल सेवा शुरू हो रही है। इसके लिए भी रेलवे द्वारा कुछ नए नियम तय किए हैं। जिनका पालन सुनिश्चित करवाने के लिए महू रेलवे स्टेशन पर अभी से कवायद शुरु कर दी गई है। जिसके तहत स्टेशन पर शारिरिक दूरी का पालन करवाने के लिए गोल घेरे भी बनाए गए हैं।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार सात अक्टूबर से शुरु हो रही इस यात्री गाड़ी में सफर करने के लिए अब सामान्य टिकिट के बजाय आरक्षण कराना अनिवार्य होगा। यह सुविधा आरक्षण कार्यालय के अलावा ऑनलाइन भी उपलब्ध  होगी। रेलवे प्रशासन द्वारा उपलब्ध सीटों के आधार पर ही आरक्षण दिया जाएगा। यह यात्री गाड़ी महू रेलवे स्टेशन से सुबह सवा छह बजे रवाना होगी लेकिन यात्रियों को डेढ़ घंटे पहले यानी करीब पौने पांच बजे ही यहां पहुंचना होगा।

यात्रियों को जल्दी स्टेशन पहुंचने पर उनके स्वास्थ्य का परीक्षण होगा। इस दौरान तापमान की जांच भी की जाएगी और उन्हें सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद ही यात्री को कोच में जाने दिया जाएगा। मंगलवार को पूरी रेल की साफ सफाई कर उसे कीटाणुरहित किया जाएगा। इस स्पेशल रेल में यात्रियों का किराया कितना होगा यह अभी तय नहीं किया गया है। हालांकि इस यात्री गाड़ी के तीन स्टॉपेज कम करने की जानकारी भी है। बताया जाता है कि बेरछा, कालापीपल व सिहोर स्टेशन पर गाड़ी को फिलहाल नहीं रोका जाएगा यह गाड़ी महू से सुबह 6.15 बजे रवाना होगी और 10.50 बजे भोपाल पहुंचेगी।







ताज़ा खबरें