त्रिपुरा के सीएम विप्लव देव ने इस्तीफा दिया, 8 महीने बाद होने हैं राज्य में चुनाव

DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
biplab deb

नई दिल्ली। त्रिपुरा सीएम विप्लव देव ने शनिवार को इस्तीफा दे दिया। वो भाजपा, इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) सरकार का चार साल से नेतृत्व कर रहे थे।

इस्तीफे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। विप्लव देव ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा दिया है। राज्य में आठ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं।

दरअसल भाजपा ने त्रिपुरा में नेतृत्व बदलने का फैसला किया है। इसे 2023 से पहले राज्य में बड़ा फैसला माना जाता रहा है। विप्लव देव ने कल ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव अगरतला पहुंच गए हैं। वो राज्य विधायक दल की शाम 5 बजे होने वाली बैठक में शामिल होंगे। इसी बैठक में नए सीएम का फैसला होना है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

2019 IPL सट्टेबाजी केस में CBI का खुलासा, पाकिस्तान से मिले इनपुट पर चलता था सट्टेबाजी नेटवर्क – 

2019 के IPL में पाकिस्तान से मिले के इनपुट्स के आधार पर सट्‌टेबाजी की जाती थी। सट्‌टेबाजों ने मैचों को भी प्रभावित किया है।CBI ने इस मामले में केस दर्ज किया है।

शरद पवार के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट, मराठी अभिनेत्री केतकी पर केस – 

महाराष्ट्र के ठाणे में शनिवार को मराठी अभिनेत्री केतकी चितले के खिलाफ राकांपा प्रमुख शरद पवार के खिलाफ फेसबुक पर एक अपमानजनक पोस्ट साझा करने का मामला दर्ज किया गया है।

एनसीपी नेताओं ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। टीवी और फिल्म अभिनेत्री द्वारा शुक्रवार को पवार को निशाना बनाने वाली पोस्ट की गई थी।

मराठी में पोस्ट में राकांपा प्रमुख के पूरे नाम का कोई सीधा उल्लेख नहीं है, लेकिन इसमें उपनाम पवार और 80 साल की उम्र का जिक्र है। राकांपा के मुखिया 81 साल के हैं। इसमें लिखा था- नरक इंतजार कर रहा है और आप ब्राह्मणों से नफरत करते हैं। राकांपा ने इसे शरद पवार की आलोचना माना है।

अमृतसर के गुरुनानक अस्पताल में लगी भीषण आग, 650 मरीजों को सुरक्षित निकाला  – 

पंजाब के अमृतसर के गुरुनानक अस्पताल में शनिवार दोपहर 2 बजे भीषण आग लग गई। इससे 650 मरीजों की जान पर बन आई। आग OPD के पिछली तरफ और एक्स-रे यूनिट के पास दो ट्रांसफार्मरों में अचानक ब्लास्ट हो जाने के कारण लगी। इन दोनों ट्रांसफार्मरों से ही पूरे अस्पताल को बिजली सप्लाई होती थी।

इन दोनों ट्रांसफार्मरों के बिल्कुल ऊपर स्किन वार्ड है, वहां 650 मरीज भर्ती हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि जल्दी ही पूरा अस्पताल धुएं की लपटों से घिर गया। आनन-फानन में मरीजों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर सड़क पर निकाल लिया गया। मौके पर अभी भी लपटें उठ रही है। आग बुझाने का काम चल रहा है।

लोकसभा चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने जारी किया कैंपेन सॉन्ग – 
तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए कैंपेन सॉन्ग रिलीज किया है। कैंपेन सॉन्ग का थीम- इंडिया वांट्स ममता दी, है। बंगाल चुनाव 2021 के बाद ममता बनर्जी की पार्टी असम, त्रिपुरा और गोवा में अपने संगठन का विस्तार कर चुकी है।

पूर्व पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ ने छोड़ी कांग्रेस, बोले- चापलूसों से घिरा कांग्रेस नेतृत्व – 

उदयपुर में चिंतन शिविर के बीच कांग्रेस को पंजाब में बड़ा झटका लगा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। जाखड़ पंजाब चुनाव के बाद से ही हाईकमान के खिलाफ मुखर थे।

पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ ने कांग्रेस छोड़ दी है। शनिवार को फेसबुक लाइव के दौरान जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व चापलूसों से घिरा हुआ है। इसकी वजह से कांग्रेस का नुकसान हो रहा है।

जाखड़ ने कहा कि आतंकवाद के दौर में और 1984 में जब AK-47 भी पंजाब में धर्म और जात-पात का भेदभाव न कर सकी, उसे कांग्रेस नेता अंबिका सोनी ने चुनाव के वक्त कर दिया।

उन्होंने सोनिया गांधी को कहा कि वह पूरे देश में राजनीति करें, लेकिन पंजाब को बख्श दें। जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस का चिंतन शिविर सिर्फ एक फॉर्मेलिटी से ज्यादा नहीं।

जम्मू-कश्मीर में तीन मंजिला मकान में लगी आग –

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में तीन मंजिला मकान में आग लग गई। मौके पर फायर टीम की चार गाड़ियां मौजूद हैं। फायर फाइटिंग ऑपरेशन चल रहे हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, किसी नुकसान की अभी कोई सूचना नहीं है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

सुरक्षाबलों और वीआईपी को निशाना बनाने वाला आतंकी गिरफ्तार –

इंडियन आर्मी ने जम्मू-कश्मीर के रोहामा रफियाबाद से एक आतंकी को पकड़ा है। आतंकी की पहचान हंदवाड़ा निवासी रिजवान शफी लोन के रूप में हुई है। सेना के मुताबिक आतंकवादी सुरक्षाबलों और VIPs को निशाना बनाने की योजना बना रहा था, इससे पहले ही आर्मी ने आतंकी को पकड़ लिया।

आतंकी के पास से पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। वहीं नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने आज सुबह द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) मामले में जम्मू-कश्मीर में चार जगह पर छापेमारी की।

भारत में गेहूं निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक –

भारत ने तत्काल प्रभाव से गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने शुक्रवार देर रात नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि निर्यात के जिन ऑर्डर के लिए 13 मई से पहले लेटर ऑफ क्रेडिट जारी हो चुका है, उनको एक्सपोर्ट करने की अनुमति होगी। केंद्र ने रोक की वजह इंटरनेशनल मार्केट में गेहूं के बढ़ते दामों को बताया है।

हरियाणा में भी हो सकता है राष्ट्रगान अनिवार्य, उत्तर प्रदेश पहले ही कर चुका है –

उत्तर प्रदेश के बाद अब हरियाणा में भी मदरसों में राष्ट्रगान गाना अनिवार्य हो सकता है। शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने शुक्रवार इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि मदरसा हो या स्कूल राष्ट्रगान हर जगह गाया जाना चाहिए। इसमें कोई हर्ज नहीं होना चाहिए।

हिमाचल विधानसभा के बाहर खालिस्तानी झंडा लगाने के मामले में एक और गिरफ्तारी –

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मेन गेट पर खालिस्तानी झंडा लगाने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान वनीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी प्रदेश के CM जयराम ठाकुर ने दी।

उन्होंने ट्वीट किया- हिमाचल प्रदेश का हर नागरिक देश को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट है। इससे पहले पिछले बुधवार को पंजाब के हरवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अब तक कुल दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पूर्व IPS अरविंद दिग्विजय नेगी और 6 अन्य के खिलाफ NIA का एक्शन –

केंद्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लश्कर-ए-तैयबा (Let) के साथ मिलकर साजिश रचने के मामले में पूर्व IPS अधिकारी अरविंद दिग्विजय नेगी और छह अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि ये पाकिस्तान में स्थित लश्कर के गुर्गों के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर और भारत के अन्य हिस्सों में आतंकवादी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में शामिल थे।

अमित शाह तेलंगाना के रंगारेड्डी में प्रजा संग्राम यात्रा के समापन समारोह को संबोधित करेंगे –

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के तुक्कुगुडा में प्रजा संग्राम यात्रा के दूसरे चरण के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। यहां वे लोगों को संबोधित भी करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय की प्रजा संग्राम यात्रा का आयोजन किया है।

RBI ने रंजन, पटनायक को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया –

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को जानकारी दी कि राजीव रंजन और एस पटनायक को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। डायरेक्टर के पद पर नियुक्त होने से पहले राजीव रंजन मॉनिटरी पॉलिसी डिपार्टमेंट के प्रभारी सलाहकार और मॉनिटरी पॉलिसी डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत थे, जबकि पटनायक इकोनॉमिक एंड पॉलिसी रिसर्च डिपार्टमेंट में एक सलाहकार थे।

केरल हाईकोर्ट का फैसला, RSS कार्यकर्ता की हत्या की CBI जांच की याचिका खारिज –

केरल हाईकोर्ट ने RSS कार्यकर्ता एस संजीत की हत्या की CBI जांच की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने कहा कि सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) हिंसा के गंभीर मामलों में शामिल चरमपंथी संगठन हैं।

कस्टम विभाग ने त्रिची एयरपोर्ट से करोड़ों का सोना बरामद किया, 3 गिरफ्तार –

कस्टम विभाग ने त्रिची इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गुरुवार को करीब 1 करोड़ 28 लाख का सोना बरामद किया है। सोना तस्करी कर दुबई से भारत लाया जा रहा था। मामले में कस्टम विभाग ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग लैपटॉप के कीपैड के अंदर सोना छुपाकर रखे थे। शक के आधार पर इन लोगों की लगेज की चेकिंग की गई।



Related