प्रदेश में कई विवादों के बाद अब सीएम ने की बड़ी प्रशासनिक सर्जरी


यह तबादले प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की सीएम शिवराज की कोशिश बताए जा रहे हैं।


DeshGaon
बड़ी बात Updated On :
mp-cm-shivraj-singh-chouhan

खरगोन। शहर में 10 अप्रैल को रामनवमी हुए उपद्रव के बाद शनिवार को प्रशासनिक स्तर से कलेक्टर, एसपी और एडीशनल एसपी के तबादले को आदेश जारी हुए।

यह आदेश खरगोन उपद्रव के बाद प्रशासनिक सर्जरी की तरह देखे जा रहे हैं। जिले की कलेक्टर अनुग्रहा पी का तबादला दिल्ली हुआ है। अब खरगोन के नए कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम होंगे। अब तक वे वर्तमान में रतलाम जिले के कलेक्टर थे। कुमार पुरुषोत्तम को सरकार ने खरगोन की स्थिति काबू करने के लिए विशेष तौर पर भेजा है।

कुमार पुरषोत्तम, आईएएस

इससे पहले पुरुषोत्तम गुना कलेक्टर भी रहे हैं। वहीं इंदौर में औद्योगिक केंद्र विकास निगम के एमडी के तौर पर भी उनका काम सराहनीय रहा है जहां उन्होंने पीथमपुर मध्य क्षेत्र को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

राज्य शासन ने शनिवार को आईपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के तहत खरगोन, सिवनी, झाबुआ और सतना जिलों के एसपी को बदला गया है।

खरगोन के एसपी सिद्धार्थ चौधरी को हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल पदस्थ किया गया है। धर्मवीर सिंह पुलिस अधीक्षक सतना को खरगोन का एसपी बनाया गया है।

धर्मवीर सिंह चौहान, आईपीएस

इसके साथ ही एडीशनल एसपी नीरज चौरसिया काे हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।

मनीष खत्री, राज्य पुलिस सेवा

उनके स्थान पर इंदौर एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक को मनीष खत्री को खरगोन एडीशनल एसपी बनाया गया है।

राज्य शासन ने इस आदेश में सात पुलिस अधिकारियों को स्थानांतरित किया है। इनमें ग्वालियर में पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा को स्थानांतरित कर पुलिस मुख्यालय भोपाल पदस्थ किया है, जबकि उनकी जगह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) विशेष सशस्त्र बल पुलिस मुख्यालय भोपाल डी. श्रीनिवास वर्मा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ग्वालियर पदस्थ किया है।

शर्मा को खुद सीएम चौहान ने हटाया है। उन पर गुना में पुलिस पर हुए जानलेवा हमले में लापरवाही बरतने का आरोप है।

इसी तरह पिछले दिनों आदिवासियों की हत्या के मामले में चर्चित रहे सिवनी जिले के पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक को भोपाल पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पदस्थ किया गया है, जबकि झाबुआ के पुलिस अधीक्षक आशुतोष को सतना जिले में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

इसके साथ ही इंदौर के नगरीय पुलिस उपायुक्त अरविंद तिवारी को झाबुआ जिले में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।



Related