हादसे में कटाई मजदूरों और तीन बच्चों की मौत

DeshGaon
उनकी बात Updated On :

धार। सोयाबीन काटने के बाद अपने घर लौट रहे मजदूरों का एक दल हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई जबकि बारह से ज्यादा मजदूर इसमें घायल हो गए। मरने वालों में मजदूरों के बच्चे भी शामिल हैं। जो उनके साथ ही फसल की कटाई के लिए जाते थे। घायलों को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

हादसा धार के तिरला थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब साढ़े बारह बजे हुआ।  जब अपने पिकअप वाहन का पंक्चर बदल रहे मजदूरों को पीछे से आ रहे एक टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। इन मजदूरों की चिंता ये  है कि अब घायल होने के बाद ये काफी दिनों तक काम नहीं कर सकेंगे और ऐसे में उनके घर का खर्च चलाना मुश्किल होगा। कई मजदूरों के तो दोनों ही पैर तक टूट चुके हैं।

पिकअप में सवार सभी मजदूर केसूर से अपने इलाके टांडा जा रहे थे।  इस दौरान तिरला क्षेत्र में फोरलेन पर चिखलिया फाटे के उनका पिकअप वाहन पंक्चर हो गया। मजदूर एक ढाबे के सामने अपने वाहन का टायर बदल रहे थे। इस  दौरान कुछ मजदूर वाहन से बाहर थे और कुछ उसमें बैठे हुए थे। इसी दौरान टैंकर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ मजदूर कई फुट दूर उछल गए।

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और घायल मजदूरों के चीखने-चिल्लाने की आवाज से कई लोग उनकी मदद के लिए पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और एंबुलेंस वाहन को भी फोन कर बुला लिया गया। जिन्होंने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि कुछ लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी जबकि चार ने अस्पताल जाकर दम तोड़ दिया।

सभी मृतक टांडा कोदी के रहने वाले हैं। इनमें तीन बालक हैं। जिनके नाम जितेंद्र पिता कब्बू उम्र दस वर्ष,  रादेश पिता कैलाश उम्र बारह वर्ष, संतोष पिता तेरसिंह उम्र पंद्रह वर्ष हैं। वहीं चालीस वर्षीय कुंवर सिंह पिता दितला, पैंतीस वर्षीय शर्मीला पति मोहब्बत और भूरी बाई पति मोहन की भी इस हादसे में मौत हुई है। वहीं कई और किशोर मजदूर घायल भी हुए हैं।

क्षेत्र में मजदूर वाहनों के साथ कई बार हादसे होते रहते हैं। दिन का काम करने के बाद मजदूर अपने वाहनों से अक्सर रात में सफर करते हैं। कटाई के लिए मजदूर कई राज्यों से यहां आते हैं और इन हादसों का शिकार हो जाते हैं। इससे पहले चौदह सितंबर को इंदौर के बेटमा थानाक्षेत्र में माचल गांव के पास फोरलेन पर बिहार से अहमदाबाद जा रहे मजदूरों के एक वाहन को भी अलसुबह इसी तरह टक्कर मार दी गई थी।

हादसे में एक मजदूर के दोनों पैर टूट गए



Related