मप्र में चुनाव के लिए कांग्रेस की तैयारीः जनजातीय बहुल इलाकों से गुजर रही आदिवासी स्वाभिमान यात्रा


मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीट में से 47 सीट आदिवासी यानी जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं, यहां 22 फीसदी आदिवासी वोटर्स हैं


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

धार। प्रदेश में आदिवासी समुदाय के खिलाफ होने वाले अपराधों के विरोध में कांग्रेसी नेता आदिवासी स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं। शनिवार शाम को यह यात्रा धार जिले के गंधवानी विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। यात्रा के आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस यात्रा का नेतृत्व युवा कांग्रेस के डॉ विक्रांत भूरिया कर रहे हैं। अब तक यह यात्रा करीब दो हजार किमी का सफर तय कर चुकी है।

यात्रा धार जिले की धरमपुरी, गंधवानी, मनावर और कुक्षी विधानसभा से गुजरेगी। पहले दिन यात्रा मनावर और कुक्षी विधानसभा से गुजरी। यहां पर युवक कांग्रेस जिलाध्‍यक्ष करीम कुरैशी ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा की अगवानी की। इस दौरान बड़ी संख्‍या में युकां कार्यकर्ता बाइक रैली के रूप में यात्रा में शामिल हुए। मनावर से कुक्षी तक बाइक रैली निकाली गई। साथ ही युकां प्रदेशाध्‍यक्ष विक्रांत भूरिया का स्‍वागत किया। यह यात्रा हर विधानसभा आदिवासी बाहुल्‍य क्षेत्रों से होकर गुजर रही है। इसके तहत जिले की चार विधानसभा में लोगों से सीधा जुड़ाव करते हुए यह यात्रा निकाली जा रही है।

कुक्षी विधायक ने की अगवानी : आदिवासी स्‍वाभिमान यात्रा कुक्षी विधानसभा से भी होकर गुजरी। जहां पर कुक्षी विधायक सुरेंद्र सिंह हनी बघेल ने अगवानी की। इन नेताओं ने हाथों में कांग्रेस का झंडा लिए बाइक पर नेताओं ने रैली निकाली। इस दौरान जगह-जगह यात्रा का स्‍वागत किया गया। मनावर से लेकर कुक्षी तक यात्रा का गर्मजोशी के साथ कार्यकर्ताओं ने स्‍वागत किया। मनावर में विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने यात्रा की अगवानी की।

बड़े नेता हुए शामिल : युवक कांग्रेस की इस आदिवासी स्‍वाभिमान यात्रा में युकां प्रदेश अध्‍यक्ष भूरिया के अलावा, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष रामू टैकम, मप्र आदिवासी कांग्रेस महिला प्रकोष्‍ठ के अध्‍यक्ष चंद्रा सरवटे विशेष तौर पर शामिल हैं। सीधी पेशब कांड के बाद इस यात्रा को कांग्रेस ने सीधी से निकाली, जो विभिन्‍न जिलों में होते हुए झाबुआ पहुंचेगी। झाबुआ में इस यात्रा का समापन होगा।

युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने भाजपा सरकार निशाना साधते हुए कई आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार एवं शोषण की घटनाएं बढ़ रही हैं। मध्य प्रदेश में सरकार विफल साबित हो रही है। मणिपुर कांड आप सभी ने देखा है। विक्रांत भूरिया ने कहा कि सीधी में आदिवासी पर पेशाब करने की शर्मनाक हरकत की गई। सिंगरौली में भाजपा विधायक के बेटे ने आदिवासी पर गोली चलाई और नेमावर, नीमच, गुना, सिवनी की घटनाएं आप सबके सामने हैं।

यात्रा को लेकर डॉ भूरिया ने कहा कि आदिवासी स्वाभिमान को जगृत करने के लिए इस यात्रा की शुरुआत सीधी जिले से की गई है, जो प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र की 33 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गंधवानी पहुंची है। यात्रा का अगला पड़ाव जोबट होगा और सोमवार को झाबुआ में यात्रा का समापन होगा। हमें लोगों का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ट्विटर पर भी आज आदिवासी स्वाभिमान यात्रा ट्रेंड कर रहा था। उन्होंने कहा की प्रदेश के आदिवासियों ने शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया है।

खास बात ये है कि सीधी विधानसभा छोड़कर अन्य सभी 35 विधानसभा क्षेत्र आदिवासियों के लिए आरक्षित हैं। मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीट में से 47 सीट आदिवासी यानी जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं, जबकि 22 फीसदी आदिवासी वोटर्स हैं।ऐसे में राजनीतिक दृष्टिकोण से ये बड़ा वोट बैंक है। इस वर्ग को साधना काफी अहम है।



Related