75 हजार से अधिक श्रद्धालु 75 शिव मंदिरों में 75 सिद्ध स्थलों के जल से करेंगे जलाभिषेक


आज़ादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में यह यात्रा जिलेभर से 75 सिद्ध देव स्थानों से 75 हजार से अधिक शिवभक्त जल लेकर 75 शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के उद्देश्य से कांवड़ यात्रा के रुप में निकाली जाएगी।


DeshGaon
धार Published On :

धार। आगामी 8 अगस्त को धार नगर व आसपास के ग्रामीण अंचल के धार्मिक स्थलों पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव के नेतृत्व में विशाल राष्ट्रधर्म समरसता तिरंगा कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

इस संदर्भ में एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई जिसमें कांवड़ यात्रा प्रभारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव, महंत रघुवरदास जी महाराज, महंत सीताराम जी महाराज, महंत मोहनदास जी महाराज, महंत प्रकाशपुरी जी महाराज, नागा बाबा रामचंद्रपुरी जी महाराज, निर्भय सिंह पटेल, अशोक पटेल, विजय रघुवंशी, अनीता महाले उपस्थित रहे।

राजीव यादव ने बताया कि हम देश की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष को देशभर में “स्वराज अमृत महोत्सव” के रुप में हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। आज़ादी की पृष्ठभूमि में अनेक बलिदानों की मार्मिक गौरव गाथाएं हैं। देश की स्वतंत्रता के लिए ज्ञात-अज्ञात सभी क्रांतिकारियों, महापुरुषों के योगदान को जीवंत रखना हमारा कर्तव्य है।

राष्ट्र धर्म तिरंगा कांवड़ यात्रा –

संयोग से आज़ादी के अमृत महोत्सव पखवाड़ा और पावन श्रावण मास साथ-साथ चल रहे हैं। ऐसे में सामाजिक समरसता, देशभक्ति एवं जनमानस में शक्ति एवं भक्ति का भाव जागृत करने के उद्देश्य से “राष्ट्र धर्म तिरंगा कांवड़ यात्रा” का आयोजन किया जा रहा है।

आज़ादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में यह यात्रा जिलेभर से 75 सिद्ध देव स्थानों से 75 हजार से अधिक शिवभक्त जल लेकर 75 शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के उद्देश्य से कांवड़ यात्रा के रुप में निकाली जाएगी। यात्रा में सम्मिलित कांवड़ यात्रियों को देश की पावन नदियों (गंगा, यमुना, सरस्वती, नर्मदा व कावेरी) आदि का जल उपलब्ध कराया जाएगा।

पावन जल का अर्पण और अभिषेक इस कामना के साथ कि भगवान शिव राष्ट्र की रक्षा हेतु अपने भक्तों को सामर्थ एवं भक्ति के साथ शक्ति भी प्रदान करें।

राष्ट्रधर्म की इस पावन प्रतिज्ञा में धार में 8 अगस्त को प्रातः 10 बजे स्थानीय लालबाग से श्री धारेश्वर मंदिर तक तिरंगा हाथ में लिए कांवड़ यात्रा निकालकर धार नगर के अधिष्ठाता धारनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।

राजीव यादव ने धार सहित अंचल के प्रत्येक परिवार से इसमें सहभागिता करने की अपील की है। अंचल के दिग्ठान, सागौर, घाटाबिल्लोद, पीथमपुर, इंडोराम, अकोलिया, बरदारी, तिरला सहित अनेक स्थानों पर कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी।

मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने जानकारी दी कि इस दौरान राष्ट्र धर्म तिरंगा कांवड़ यात्रा आयोजन समिति सदस्य मनोज ठाकुर, मंडल अध्यक्ष विपिन राठौर, नितेश अग्रवाल, दीपक पवार, आशीष गोयल, संजय शर्मा, भोला यादव, वीरेंद्र पाटीदार, दिलीप पटेल, बद्री पटेल, राज पटेल, विकास शर्मा, मयंक महाले सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



Related






ताज़ा खबरें