धार जिले से प्रियंका ने बोला भाजपा सरकार पर तीखा हमला, पलायन और आदिवासियों के खिलाफ अपराध पर सरकार को घेरा


राजगढ़ की सभा में भाजपा सरकार पर जमकर बरसी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 


आशीष यादव आशीष यादव
धार Updated On :

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी जन आक्रोश यात्रा में भाग लेने धार जिले के मोहनखेड़ा तीर्थ पहुंची। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले जैन तीर्थ मोहन खेड़ा के गुरु मंदिर में दर्शन पूजन किया। ट्रस्ट के सदस्‍यों से चर्चा की। इसके बाद सरदारपुर विधानसभा के राजगढ़ में मंडी क्षेत्र में शाहिद टंट्या मामा प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद वे सभा स्थल पहुंची। यहां उन्‍होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। स्‍वागत भाषण सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने किया।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का मंच पर नेताओं ने भव्य स्वागत किया। सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने आदिवासी संस्कृति की वेशभूषा व टंट्या मामा के चित्र भेंट कर प्रियंका गांधी का स्‍वागत किया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए आदिवासी महापुरुषों का ज़िक्र किया। और उनके नारे लगवाए। उन्होंने स्थानीय बोली में भी लोगों से बात की। प्रियंका ने कहा “हमू आखा एक छे।” यानी हम सब एक हैं।

उन्‍होंने कहा जब हम छोटे थे तो इंदिरा गांधी जी हमें आपकी संस्कृति के बारे में बताती थी, आप लोगों से जो रिश्ता था, प्रेम था समर्पण था उसके बारे वे हमें बताती थी। जो ये रिश्ता इंदिरा जी और आपके बीच था ये प्रेम और निष्ठा , समर्पण का रिश्ता था, वहीं मैं आगे बढ़ाने के लिए आई हूं।

प्रियंका गांधी ने भाजपा की मोदी व शिवराज सरकार पर आरोप लगाते कहा कि जो-जो हम कहते हैं मोदी और भाजपा वहीं कहती है। मैं जब आई तो कुछ युवाओं से पूछा कि हमारा प्रदेश कैसा है तो उन्होंने कहा कि इस बार हमारा वोट रोजगार पर डलेगा। आपने जिस सरकार पर विश्वास किया, उन्होंने सभी दूर घोटाला किया। लेकिन इनके नेताओं, अधिकारियों के वहां ईडी नहीं पहुंची। अब समय आ गया है इन्हें बदल डालने की।

इस दौरान एक ही आंधी प्रियंका गांधी के लग रहे थे। इसके अलावा नौजवानों कि बेरोजगारी पर भी प्रियंका ने बात की। उन्होंने कहा कि जहां-जहां इनकी सरकार है। वहां इनका अहंकार, भ्रष्टाचार बढ़ गया है। सरकारी कर्मचारियों को देने के लिए पैसे नहीं है और अडानी को लोन देने के लिए पैसे है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब आपको राशन भी मिल जाता था और 485 रु में गैस सिलेंडर भी मिल जाता था। इनके राज में 1050 रु में मिलता है। अब चुनाव आया तो घोषणाएं शुरू हो गई है। 18 साल में मोदी जी को याद नहीं अब सब विकास याद रहा है।

 

जीएसटी भरते-भरते छोटे व्यापारियों को खत्म कर दिया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा नहीं दिया, देखो अब चुनाव आ रहे तो शायद दे दे। लोगों को कमाने का मौका नहीं दिया। जीएसटी भरते-भरते छोटे व्यापारियों को खत्म कर दिया। आपको कमाने का मौका नहीं दिया। भाजपा के बड़े नेता जितनी बार भाषण में कांग्रेस का नाम लेते है। उतनी देर विकास का नाम ले लें। प्रियंका ने कहा कि इन्होंने इंदौर संभाग, प्रदेश के लिए विकास कुछ नहीं किया। देश में सबसे ज्यादा बच्चियां, महिलाएं मध्यप्रदेश में लापता होती है। आदिवासी पलायन कर रहे हैं। अत्याचार हो रहे हैं, वीडियो वायरल हो रहे हैं। मनरेगा थी तो रोजगार मिल रहा था लेकिन अब बेरोजगारी है।

 

प्रियंका ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बहनों से कहना चाहूंगी जिस तरह रुक्मणी जी ने श्री कृष्ण से अपने रथ की लगाम अपने हाथों में ले ली थी। बहनें भी आगे बढ़े तथा लगाम अपने हाथों में ले लो तभी तरक्की होगी। हमें आदिवासी परंपरा जीवित रखना होगा, लगाम संभालो अपना रथ चलाओ कौन सत्ता में आएगा यह तय करो। यहां राजनीतिक खिलवाड़ हो रहा है, अपना भविष्य बनाना है तो जाग जाओ और ऐसी सरकार लाओ जो आपकी हो। शिशुपाल का पाप का घड़ा भर गया है, अब कृष्ण भगवान की तरह बन जाओ और इनका अंत करो।

ये प्रदेश आपका है, कांग्रेस भी आपकी है…

पिछली सरकार आपने कमलनाथ जी की कांग्रेस को चुना था। रिश्वतखोरी हुई जोड़-तोड़ हुई, फिर क्या हुआ सबको पता है। डेढ़ साल में कितना काम कमलनाथ जी ने किया था। आज जहां-जहां कांग्रेस की सरकार है। बेरोजगारी कम है कई तरह के लाभ मिल रहे हैं। राजस्थान में बहनों को बस बिजली मुफ्त है और  25 लाख तक का इलाज फ्री हो रहा है।

कांग्रेस सरकार की नीतियां है। कांग्रेस आपके लिए गारंटी लाई है, वादे पूरे कर रही है। इन्होंने कितने वादे पूरे किए, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा ये प्रदेश आपका है। ये देश आपका है कांग्रेस पार्टी भी आपकी है, आपने बड़े-बड़े इश्तिहार देख लिए, घोषणाएं देखी है हरियाली देखी है पर जमीन पर जब तक ये चीजें नहीं होगी तो आपका विकास नहीं होगा। आपका भविष्य आपके हाथ में। जब चुनाव आते है तो ये जाती की धर्म की बात करते है लेकिन आप अपने लक्ष्य पर नजर बना कर रखेंगे और कांग्रेस को जिताएंगे और अपने प्रदेश को विकास की राह पर ले जाएंगे। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कांग्रेस प्रदेश में आई तो 100 रु में 100 यूनिट बिजली फ्री, 200 यूनिट में 100 हाफ, 500 रु में गैस सिलेंडर तथा महिलाओं के खाते में 1500 रुपए महीना और किसानों के लिए 5 हॉर्स पावर तक मुक्त बिजली मिलेगी।

सभा के दौरान मनावर विधायक के खिलाफ नारेबाजी

राजगढ़ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की रैली के दौरान मनावर से कांग्रेस के विधायक व जयस संरक्षक हीरालाल अलावा के विरोध में नारेबाजी हुई। दरअसल जिस वक्त मंच पर प्रियंका गांधी भाषण दे रही थी, उस वक्त मनावर से आए कांग्रेस के पदाधिकारी मीडिया गैलरी के समक्ष पहुंचे और हीरालाल अलावा के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी ने बताया कि इस बार विधानसभा चुनाव में यदि अलावा चुनाव लड़ते हैं तो कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ सकता है। मनावर से कांग्रेस के निर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र सवनारा और पार्षद जिम्मी अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी।

 

इंदौरी नेताओं का मंच पर रहा दबदबा 

मंच पर सभा के दौरान बैठने के लिए 120 सदस्‍यों की सूची तैयार की गई थी। इस सूची में अधिकांश इंदौरी नेताओं का नाम शामिल था। वहीं जिले के स्‍थानीय नेताओं को मंच पर स्‍थान नहीं मिल पाया। इस कारण जिले में कांग्रेस को जिंदा रखने के लिए जमीन पर मेहनत करने वाले नेता जमीन पर मौजूद नजर आए। जिले के बड़े नेताओं को मंच पर स्‍थान नहीं मिल पाया। इस कारण स्थानीय नेताओं में नाराजगी देखने को मिली।

 

ये नेता थे मौजूद 

सभा के दौरान मंच पर पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, शोभा ओझा, पूर्व मंत्री बाला बच्‍चन, उमंग सिंघार, सुरेंद्र सिंह बघेल, सचिन यादव, जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी सहित विधायक संजय शुक्‍ला, पांचीलाल मेड़ा, इंदौर ग्रामीण जिलाध्‍यक्ष सदाशिव यादव, दीपू यादव, पूर्व जिलाध्‍यक्ष बालमुकुंद गौतम, जिपं सदस्‍य मनोज गौतम, युवक कांग्रेस जिलाध्‍यक्ष करीम कुरैशी, युकां शहर उपाध्‍यक्ष अभिनव बिंजवा, जिला महिला कांग्रेस अध्‍यक्ष विजेता त्रिवेदी, इंदौर संभागीय प्रवक्‍ता रेवतीरमण राजूखेड़ी, शुभांगना राजे जामनिया, शहर कांग्रेस अध्‍यक्ष टोनी छाबड़ा, नपा राजगढ़ उपाध्‍यक्ष दीपक जैन सहित अन्‍य मौजूद थे।



Related