कोरोना पॉजिटिव लोगों की निगरानी और बीमारों को दवा-पानी देने में जुटेगी टीम भाजपा


‘सेवा ही संगठन है’ अभियान के तहत शहरी वार्डों और पंचायतों में बनेंगी टोलियां।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने कार्यकर्ताओं से महामारी नियंत्रण को लेकर मांगे सुझाव।
टीकाकरण को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करेंगे भाजपा कार्यकर्ता।


DeshGaon
धार Published On :
rajiv-yadav

धार। कोरोना महामारी नियंत्रण के लिए भाजपा के कार्यकर्ता मैदान संभालने वाले हैं। अभी तक प्रशासनिक महकमा महामारी नियंत्रण के लिए मैदान में डंटा हुआ था। अब भाजपा के कार्यकर्ता ‘सेवा ही संगठन है’ कार्यक्रम के तहत जिले की 761 पंचायतों से लेकर नगरीय क्षेत्रों के वार्डों में सक्रिय होंगे।

इसको लेकर जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में नगरीय कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस दौरान प्रतिदिन 250 के लगभग संक्रमित मिलने को लेकर चिंता व्यक्त की गई।

संक्रमण कैसे फैल रहा है। किस तरह रोक लगाई जा सकती है। इसको लेकर कार्यकर्ताओं से सुझाव मांगे गए। कार्यकर्ताओं के सुझाव के पश्चात एक कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई जा रही है जिसमें लोगों में कोरोना को लेकर जनजागरण, क्षेत्र के संक्रमित व्यक्ति की निगरानी और मदद के अलावा बीमार लोगों की जानकारी निकालकर उन्हें अस्पतालों तक पहुंचाना और दवाइयां मुहैया कराने जैसे तमाम कार्यों में कार्यकर्ता जुटेंगे। इसके अलावा टीकाकरण के फायदे बताते हुए लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक भी किया जाएगा।

टोलियां बनेगी, नियम का पालन करेंगे –

शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने धार नगरीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई। इस दौरान जानकारी सामने आई कि नगरीय क्षेत्रों और बड़े कस्बों में करीब 84 प्रतिशत संक्रमण है, इसलिए भाजपा पहले नगरीय क्षेत्रों में फोकस करेगी।

नगरीय क्षेत्रों के वार्डों में जमीनी कार्यकर्ताओं की टोलियां बनाने के लिए जिलाध्यक्ष यादव ने निर्देशित किया है। इसी के साथ फील्ड में कार्यकर्ताओं को किस प्रकार से कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए महामारी नियंत्रण में भूमिका निभाना है, इसकी समझाइश दी।

यादव ने कहा कि हमारा काम महामारी नियंत्रण में सहयोग देना है। टोलियां बनेंगी जरूर, लेकिन साथ में नहीं अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटकर वार्डों में काम करेंगी। इसको लेकर धार नगरीय क्षेत्र से शुरुआत की जा रही है।

यहां पर डॉक्टर शरद विजयवर्गीय को विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा भाजयुमो जिलाध्यक्ष सहित पार्षदों को भी जिम्मेदारी दी गई है। यह सभी लोग बैठक करके प्रत्येक 30 वार्डों के लिए कार्यकर्ताओं की टोलियां तय करेंगे।

पंचायतों में भी होगा जनजागरण –

शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव यादव द्वारा आयोजित चर्चा बैठक में संभागीय मीडिया प्रभारी ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी, वरिष्ठ नेता डॉ शरद विजयवर्गीय, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सन्नी रिन, पार्षद विपिन राठौर, कार्यालय मंत्री दीपक शर्मा, सरदारसिंह मेड़ा, भाजपा नेता जयराज देवड़ा, अनिल गहलोत, मनोज ठाकुर, सोनिया राठौर सहित अन्य लोग मौजूद थे।

इस दौरान अलग-अलग विधानसभाओं के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह सभी लोग क्षेत्रीय मंडल अध्यक्षों के माध्यम से पंचायत स्तर पर टोलियां गठित करेंगे। सरपंचों को भी साथ लिया जाएगा। जरूरतमंदों को दवाइयां मुहैया कराई जाएगी।

ठीक होने पर उतनी ही कीमत की दवाई दान करवाया जाएगा। इसके अलावा पंचायत के बड़वईयों (झाड फूंक वालों) पर भी पंचायत की टोलियां नजर रखेगी। यहां पर यदि कोई कोविड संदिग्ध दिखाई देता तो उसे भी उपचार मुहैया कराया जाएगा।



Related