इंदौर में भाजपा का बूथ सम्मेलन, प्रदेश अध्यक्ष ने पूरी ताकत से निकाय चुनाव लड़ने पर दिया जोर


मध्यप्रदेश में भाजपा निकाय चुनाव के पहले संगठन की मजबूती के अभियान में लगी हुई है और इसके लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समूचे प्रदेश के प्रवास पर हैं। इसी सिलसिले में इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को 2244 बूथों का सम्मेलन आयोजित किया गया।


DeshGaon
इन्दौर Updated On :
vd-sharma-mp-bjp

इंदौर। मध्यप्रदेश में भाजपा निकाय चुनाव के पहले संगठन की मजबूती के अभियान में लगी हुई है और इसके लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समूचे प्रदेश के प्रवास पर हैं। इसी सिलसिले में इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को 2244 बूथों का सम्मेलन आयोजित किया गया।

इंदौर में बूथ सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बूथ अध्यक्ष के घर पर मिलने जाएंगे और साथ में खाना खाएंगे जिससे महसूस हो सके कि वो बूथ का अध्यक्ष है।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जो भी अचीवमेंट होते हैं वह कार्यकर्ताओं के कारण हैं। इसके साथ ही कई पैरामीटर में इंदौर के नंबर वन आने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व महापौर मालिनी गौड़ को बधाई दी।

उन्होंने बताया कि जनता की राय लेकर मेमोरेंडम को एक्स्पर्ट द्वारा तैयार किया जाएगा। इस बार हम जो मेमोरेंडम तैयार करेंगे, उसमें विकास कार्य और कैसे अच्छे से अच्छा काम हो सके, इसका खास ख्याल रखा जाएगा। इंदौर को और अच्छा कैसे बनाया जाए इसके लिए घोषणा पत्र (मेमोरेंडम) निकाय चुनाव के लिहाज से तैयार करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एक बार फिर रतलाम में दिए गए जबाव को दोहराते हुए इंदौर में कहा कि राहुल गांधी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं। उन्हे मेंटल फिटनेस पर भी ध्यान देना चाहिए।

गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग गांधी जी का नाम लेकर अपना परिवार चलाते रहे हैं वो उनके नाम को लेकर देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी जी के सपनों को जमीन पर उतारा है। गांधी जी के सपनों को पूरा करने का काम भारतीय जनता पार्टी कर रही है। देश को स्वच्छ बनाने का काम भारतीय जनता पार्टी ने कर दिखाया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ये भी कहा कि विरोध में काम करने वाले विरोधी को हम कभी कमजोर नहीं आंकते हैं और अब राजनीति जाति पर नहीं होगी। अब राजनीति विकास के मुद्दे पर होगी।

पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दामों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दामों को कम किए जाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

कोविड-19 के कारण चुनाव टालने के सवाल पर वीडी शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग जब भी आदेश करेगा भारतीय जनता पार्टी चुनाव के लिए तैयार है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता मैदान में उतर जाएगा और अभी भी हम मैदान में हैं।

इंदौर में भाजपा का बड़ा संगठन है। निकाय चुनाव के पहले किसी भी कार्यकर्ता के मन मे किसी भी प्रकार नाराजगी न रहे और कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ निकाय चुनाव के मैदान में उतरे इसलिए अलग-अलग बूथों का सम्मेलन हुआ।



Related