इंदौरः कलेक्टर ने अगले आदेश तक दिए चिड़ियाघर को बंद रखने के निर्देश


कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह ने शहर के एकमात्र चिड़ियाघर कमला नेहरू प्राणी उद्यान को आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।


DeshGaon
इन्दौर Published On :
indore-zoo-closed

इंदौर। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह ने शहर के एकमात्र चिड़ियाघर कमला नेहरू प्राणी उद्यान को आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर मनीष सिंह ने इस बाबत इंदौर नगर निगम आयुक्त को कार्यवाही के लिए कहा है।

बताया जा रहा है कि चिड़ियाघर में बड़ी संख्या में आम नागरिक पहुंच रहे हैं जो कोरोना से सुरक्षा के लिए बनाए गए मापदंडों का उल्लंघन भी कर रहे हैं। जन स्वास्थ्य और लोकहित को देखते हुए चिड़ियाघर को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

वहीं कलेक्टर मनीष सिंह ने विजयनगर क्षेत्र में स्थित मेघदूत गार्डन, नेहरू पार्क और रीजनल पार्क को भी प्रातः भ्रमण के अतिरिक्त अन्य समय के लिए बंद रखने के निर्देश दिए हैं। अब यह तीनों पार्क प्रातः नौ बजे तक ही सुबह की सैर के लिए खुले रहेंगे।

कलेक्टर मनीष सिंह ने स्पष्ट किया है कि इंदौर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियात बरती जाएगी।

कलेक्टर सिंह ने सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि प्रशासन द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करें और जागरूकता दिखाते हुए कोरोना संक्रमण को रोकने में मददगार बनें।

कलेक्टर मनीष सिंह ने सभी व्यावसायिक संस्थानों से भी यह अपील की है कि वे कोरोना से सुरक्षा के लिए सभी आदेशों का पालन करें। निर्धारित समय के बाद संस्थान खुले पाए जाने या मास्क नहीं लगाए जाने पर उन्हें सील करने की कार्यवाही की जाएगी।



Related