कांग्रेस का विरोध पड़ा सरकार पर भारी, निगम की टैक्स बढ़ोत्तरी वापस ली गई


— नगर निगम इंदौर में टैक्स बढ़ोत्तरी पर रोक
— कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने किया था विरोध


DeshGaon
इन्दौर Published On :

इंदौर। पानी, सीवरेज सहित अन्य टैक्सों में नगर निगम इंदौर द्वारा की गई दोगुना बढ़ोतरी के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस, आप पार्टी एवं आम लोगों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने तो जन जागरण अभियान भी चलाया। इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रदेश सरकार बैकफुट पर आ गई है।

इसके बाद मंत्री तुलसी सिलावट ने प्रेस वार्ता बुलाकर दोगुना टैक्स बढ़ोतरी को फिलहाल स्थगित करने की जानकारी दी, हालांकि इस दौरान मंत्री सिलावट को बहुत से तीखे सवालों का सामना भी करना पड़ा। हालांकि यह राहत केवल इंदौर नगर निगम क्षेत्र के लिए बताई जा रही है।

नगर निगम इंदौर द्वारा संपत्ति कर, जलकर, कचरा संग्रहण सहित अन्य टैक्सों में दोगुना वृद्धि की गई थी।  इसके विरोध में कांग्रेस, आप जैसे दलों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने पार्टी के सभी नेताओं को साथ लेकर टैक्स वृद्धि के विरोध में जन जागरण अभियान शुरू किया।

इसके तहत बड़े गणपतिजी मंदिर चौराहा से वे शहर भ्रमण पर निकले और लोगों का सर्मथन जुटाने लगे।  उनके साथ पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, विधायक जीतू पटवारी, विधायक विशाल पटेल, पूर्व विधायक अश्विन जोशी, सत्यनारायण पटेल, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरजीत सिंह चड्ढा, शेख अलीम, राजेश चौकसे, चिंटू चौकसे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

आप ने भी किया प्रदर्शनः  निगम द्वारा करों में दोगुना बढ़ोतरी किए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने भी विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार निगम करों में बेहाशा बढ़ोतरी किए जाने से आम लोगों को पेट्रोल, रसोई गैस आदि की बढ़ती कीमतों के साथ ही निगम करों की बढ़ोतरी का बोझ भी उठाना पड़ेगा।

मंत्री बोले- बढ़ोतरी स्थागितः  इधर, विरोध प्रदर्शन को देखकर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने रेसीडेंसी कोठी पर  प्रेस वार्ता बुलाई। इसमें उन्होंने बताया कि नगर निगम इंदौर द्वारा कचरा संग्रहण शुल्क, जल कर की वृद्धि को स्थागित कर दिया गया है। निगम द्वारा लगाए टैक्स पर भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदीवे, सांसद शंकर लालवानी आदि ने प्रदेश सरकार से चर्चा की।

सिलावट ने बताया कि फिलहाल टैक्स बढ़ोत्तरी को  स्थागित कर दिया गया है। मंत्री सिलावट ने कहा कि मंत्री भूपेंद्र सिंह से चर्चा के बाद टैक्स बढ़ोतरी स्थागित की गई है।



Related