इंदौर से मुंबई के लिए उड़ान भरने के 43 मिनट में लौटी फ्लाइट, 66 यात्री थे सवार


फ्लाइट करीब 30 नॉटिकल माइल तक गई थी कि पायलट को विमान में तकनीकी खराबी की जानकारी मिली जिसके कारण 43 मिनट बाद ही देवी अहिल्याबाई होलकर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर वापस उतार दिया गया।


DeshGaon
इन्दौर Published On :
indigo-flight-indore-return

इंदौर। इंदौर से मुंबई के लिए उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही इंडिगो की फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा।

फ्लाइट करीब 30 नॉटिकल माइल तक गई थी कि पायलट को विमान में तकनीकी खराबी की जानकारी मिली जिसके कारण 43 मिनट बाद ही देवी अहिल्याबाई होलकर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर वापस उतार दिया गया।

इंदौर एयरपोर्ट की डायरेक्टर आर्यमा सान्याल के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान संख्या आईजीओ169 रोजाना सुबह सात बजे इंदौर से मुंबई के लिए रवाना होती है। गुरुवार सुबह यह विमान सात बजकर छह मिनट पर इंदौर से मुंबई के लिए रवाना हुआ।

करीब 30 नॉटिकल माइल जाने पर पायलट ने जानकारी दी कि विमान में कुछ तकनीकी खराबी आ गई है और आगे की यात्रा करना संभव नहीं है इसलिए विमान को वापस लैंड करवाना होगा।

अनुमति मिलने के बाद सात बजकर 49 मिनट पर विमान ने इंदौर एयरपोर्ट पर वापस लैंड किया। विमान में सवार 66 यात्रियों को गड़बड़ी ठीक करने के बाद वापस दस बजकर 23 मिनट पर मुंबई के लिए रवाना किया गया।

बता दें कि बीते दिनों इंडिगो का ही एक विमान तूफान की चपेट में आ गया था, जिससे कॉकपिट का कांच फूट गया था। इसके बाद विमान को इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड करना पड़ा था। उस समय विमान में 100 यात्री सवार थे।



Related