अफ्रीकी देश लेसोथो में शिक्षा और डिजिटलाईजेशन में मदद करेगी इंदौर की उभरती कंपनी सेरोसॉफ्ट


सेरोसॉफ्ट करीब दो हजार से अधिक संस्थानों को डिजिटलाइज करेगी।


DeshGaon
इन्दौर Updated On :

इंदौर। प्रदेश की कारोबारी राजधानी इंदौर में अब सॉफ्टवेयर कंपनियां भी बड़े आयाम स्थापित कर रहीं हैं। इसके साथ ही यहां बड़े आईटी प्रोजेक्ट भी आने की तैयारी कर रहे हैं। इंदौर के ये आईटी प्रोजेक्ट अंतर्राष्ट्रीय स्तर के साबित हो रहे हैं। इसी क्रम में शहर की सेरोसॉफ्ट सॉल्युशंस नाम की कंपनी भी तेज़ी से आगे आ रही है। यह कंपनी एज्युकेशनल सॉफ्टवेयर बना रही है। इसके साथ ही सॉफ्टवेयर सॉल्युशन प्रोवाइडर यह कंपनी बहुत से दूसरे प्रोजेक्ट पर काम कर रही है।

सेरोसॉफ्ट अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रही है। पिछले दिनों अफ्रीकी देश लेसोथो से आए एक प्रतनिधि मंडल ने कंपनी के एमडी अर्पित बड़जात्या और दूसरे अधिकारियों से मुलाकात की। इस प्रतिनिधि मंडल ने सोरोसॉफ्ट की प्रोजेक्ट को जाना और अब कंपनी इस अफ्रीकी देश में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद करेगी।

इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय मानकों का भी पालन किया जाएगा। इससे पहले भी सेरोसॉफ्ट ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काम किया है और करीब बीस देशों में अपनी सेवाएं दी हैं।

सेरोसॉफ्ट करीब दो हजार से अधिक संस्थानों को डिजिटलाइज करेगी। कंपनी के मुताबिक इस अफ्रीकी देश में वे ईकोसिस्टम को बेहतर बनाने के लिए  शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ाने के साथ-साथ, बेहतर वर्क कल्चर, नेतृत्व क्षमता और उप्तादकता को बढ़ावा देंगे।

लेसोथो से आए प्रतिनिधि मंडल ने इंदौर शहर को भी सराहा। यहां की स्वच्छता को उन्होंने काफी पसंद किया और कहा कि उन्हें गर्व है कि वे भारत के सबसे स्वच्छ शहर में आकर अपने अंर्तराष्ट्रीय कारोबारी संबंध बना रहे हैं।

सेरोसॉफ्ट कंपनी ने अब तक एक लंबा सफर तय किया है। आईटी क्षेत्र की  यह कंपनी अपने काम के लिए कई पुरुस्कार हासिल कर चुकी है। ऐसे में कंपनी से आगे के लिए बेहतर उम्मीदें जताईं जा रही हैं।

 



Related