महूः सादगी से मनेगा क्रिसमस, नहीं होगी आधी रात को होने वाली विशेष प्रार्थना

अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Published On :
Christmas 2020

– इस बार क्रिसमस पर्व पर आधी रात को होने वाली विशेष प्रार्थना नहीं होगी।

– घर-घर होने वाले केरोल गीत भी इस बार ऑनलाइन होंगे।

इंदौर। कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार ईसाई समाज का प्रमुख पर्व क्रिसमस सादगी के साथ मनाया जाएगा। 24 दिसंबर की रात को होने वाली विशेष प्रार्थना नहीं होगी।

इतना ही नहीं, घर-घर दी जाने वाली केरोल गीतों की सामूहिक प्रस्तुति भी एक ही दिन में वह भी ऑनलाइन होगी।

ईसाई समाज द्वारा हर वर्ष प्रभु यीशु का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन इस बार इस पर्व पर भी कोरोना संक्रमण की छाया पड़ी हुई है।

यही कारण है कि प्रभु यीशु का जन्मोत्सव सामूहिक रूप से ना मनाते हुए सादगी से मनाया जाएगा।

कोरोना के कारण सारे आयोजन रद्द – 

सेक्रेट हार्ट चर्च के फादर जॉली के अनुसार इस उत्सव में बड़ी संख्या में समाजबंधु चर्च में एकत्रित होते हैं। इसके पूर्व समाज के युवाओं का दल बीस दिसबंर से प्रतिदिन रात व सुबह घर-घर जाकर केरोल गीतों की प्रस्तुति देता है।

लेकिन, कोरोना संक्रमण को देखते हुए व नियमों के कारण इस वर्ष यह सभी आयोजन रद्द कर दिए गए हैं। फादर जॉली के अनुसार 24 दिसबंर की रात ग्यारह बजे से होने वाली विशेष प्रार्थना मिस्सा नहीं होगी।

27 दिसंबर को ऑनलाइन होगी केरोल गीत की प्रस्तुति – 

अब यह शाम पांच से सात बजे के बीच कर दी गई है। इसका एक कारण कड़ाके की ठंड भी होना है। इसके अलावा घर-घर जाकर केरोल गीत की प्रस्तुति भी इस बार 27 दिसंबर को शाम ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।

इसके लिए पूर्व में युवाओं का दल घर-घर जाता था, जो कोरोना नियमों के विरूद्ध है। 25 दिसंबर की सुबह साढ़े सात से विशेष प्रार्थना का आयोजन होगा।

कोरोना नियमों का पालन करने की फादर की अपील – 

फादर जॉली ने सभी समाजबंधुओं से इस वर्ष यह पर्व सादगी से मनाने तथा कोरोना नियमों का पालन करने की अपील की।

बता दें कि महू में करीब पांच सौ से ज्यादा परिवार क्रिसमस पर्व मनाने के लिए अनेक चर्चों में एकत्र होते हैं और यह उत्सव सुबह से लेकर देर शाम तक चलता है।



Related