शर्मसार करता बचपनः बच्चों ने अपने 11 साल के साथी के कपड़े उतरवाकर पीटा और जय श्री राम के नारे लगवाए


इंदौर के निपानिया की घटना, बच्चे के साथियों ने ही किया ये काम


DeshGaon
इन्दौर Published On :

इंदौर। शहर में मुस्लिम समुदाय से आने वाले एक 11 साल के बच्चे के कपड़े उतरवाकर पीटा गया और उससे जय श्री राम के नारे भी लगवाए गए हैं। यह सब उस बच्चे के साथियों ने ही किया और इस पूरी घटना का एक वीडियो बनाया और उसे वायरल किया। इसमें देखा जा सकता है कि दबाव में बच्चा धार्मिक नारे लगा रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिगों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

https://twitter.com/KashifKakvi/status/1646539202069426178

 

 

मामला इंदौर शहर के निपनिया इलाके का है। पीड़ित बच्चे ने पुलिस को बताया कि वह स्टार स्क्वायर के पास खेल रहा था, तभी आरोपी आए और उससे कहा कि बाइपास के पास खिलौने बांटे जा रहे थे। ये आरोपी बच्चे को खिलौने के बहाने एक सुनसान जगह पर ले गए। यहां ले जाकर उन्होंने बच्चे को पीटा और फिर उसे कपड़े उतारने को मजबूर किया। जिसके बाद उससे जबरन धार्मिक नारे लगवाए गए।

पीड़ित बच्चे से जबरदस्ती जय श्री राम, जय महाकाल जैसे धार्मिक नारों के साथ ही हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगवाए गए। आरोपियों ने बच्चे के नारे लगाने का वीडियो भी बना लिया और इसे सोशल मीडिया वायरल किया। बच्चा यहां से छूटकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो पुलिस को भी हैरान कर गया। जिसके बाद इसे शेयर न करने की हिदायत दी गई है। पुलिस ने मामले में शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ अपहरण समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़ित दोनों ही नाबालिग हैं दोनों ही बच्चे एक दूसरे को जानते हैं। पुलिस ने कहा कि पीड़ित बच्चे को सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई फिर कपड़े उतरवाकर धार्मिक नारे लगवाए गए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में बेहद आक्रोश है।



Related