चुनावी साल में महिला मतदाताओं को साधने में लगी है भाजपा-कांग्रेस


महिला मतदाताओं को साधने में सरकार लाडली बहना योजना तो कांग्रेस ला रही नारी सम्मान योजना। लाड़ली बहना योजना में 3.82 लाख से अधिक ने कराया पंजीयन तो नारी सम्मान योजना में 16 मंडलों में कांग्रेस शुरू करेगी पंजीयन।


आशीष यादव आशीष यादव
राजनीति Published On :
congress-vs-bjp

धार। चुनावी साल में भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां मतदाताओं को रिझाने में लगी हैं। सरकार लाडली बहना योजना के जरिये तो कांग्रेस नारी सम्मान योजना के 1500 सौ रुपये व गैस टंकी 500 रुपये में देने का आवेदन भरवा रही है

6 माह बाद विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में खामोश वोटर कहे जाने वाले महिला मतदाताओं को साधने के लिए दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने एड़ी चोटी का जोर लगाना अभी से शुरू कर दिया है।

15 लाख से अधिक मतदाताओं वाले जिले में करीब 50 प्रतिशत महिला मतदाता हैं। प्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना शुरू की जिसमें जिले की 3 लाख 82 हजार 422 महिलाओं ने पंजीयन कराया है जिन्हें 1 हजार रुपये की हर माह मिलने वाली है।

1 रुपये की राशि महिलाओं के खाते में डालकर वेरीफाई किया जा चुका है और अब 10 जून से एक हजार रुपये हितग्राही महिलाओं के खाते में आने लगेंगे।

दूसरी तरफ, सरकार की इस योजना के जवाब में कांग्रेस ने एक की बजाय डेढ़ हजार रुपये हर माह देने व 500 रुपये में गैस सिलेंडर की टंकी देने के वादे के साथ नारी सम्मान योजना के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया है। दोनों ही दलों की ओर से महिलाओं से जुड़ी इन योजनाओं का प्रचार खूब जोरों से किया जा रहा है।

जोर-शोर से योजनाओं का प्रचार –

भाजपा व कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दल मतदाताओं को रिझाने में लगे हैं। हर कार्यक्रमों से लेकर नेताओं के भाषणों में इन दिनों महिलाओं से जुड़ी इन्हीं योजनाओं का शोर है। भाजपा ने लाडली बहना में 1 हजार का दावा किया और पंजीयन के साथ इस योजना में महिलाओं को जोड़ा तो इसी तर्ज पर कांग्रेस भी सरकार बनने के बाद डेढ़ हजार व 500 में सिलेंडर देने के दावे के साथ पंजीयन कर रही है। सरकार की योजना के लिए प्रशासन के अमले ने पंजीयन कराया तो कांग्रेस की ओर से आज से मंडलम व सेक्टर की टीमें घरों तक पहुंचकर पंजीयन का काम करेगी।

जिले में 7 लाख 87 हजार महिला मतदाता –

जिले की सात विधानसभा में 15 लाख 89 हजार 449 मतदाता हैं जिसमें आधी महिला मतदाताओं की संख्या है। सात सीटों पर 7 लाख 87 हजार 449 महिला मतदाता हैं। इसमें धार में 1 लाख 18 हजार 422, बदनावर में 1 लाख 5 हजार 934, धरमपुरी में 1 लाख 3 हजार 628 व मनावर में 1 लाख 15 हजार 342,कुक्षी 1 लाख 18 हजार 661 तो गंधवानी 1 लाख 16 हजार 192, वहीं सरदापुर में 1 लाख 8 हजार 992 महिला मतदाता हैं।

महिला मतदाताओं को साधने के लिए ही दोनों प्रमुख दल अभी से ही एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं इसलिए लाडली बहना के जवाब में कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही नारी सम्मान योजना में पंजीयन की शुरुआत कर दी है।

लाडली बहना के लिए 3 लाख 82 हजार 422 ने कराया पंजीयन –

mp ladli bahna yojana

भाजपा सरकार द्वारा चलाई गई लाडली बहना योजना में जिले की 3 लाख 82 हजार 422 महिलाओं ने पंजीयन कराया है। इस योजना में महिलाओं को हर माह 1 हजार रुपये देने की योजना है।

जून में मुख्यमंत्री ने राशि खाते में ट्रांसफर करने का दावा किया है। लाडली बहना योजना में शहरीय व ग्रामीण क्षेत्र मे महिलाओं का पंजीयन प्रशासन युद्धस्तर पर कराया है। अब महिलाओं को राशि मिलने का इंतजार है।

नारी सम्मान योजना का पंजीयन शुरू –

कांग्रेस सरकार ने भी बीजेपी के टक्कर में नारी सम्मान योजना लाकर सभी को चौका दिया है। नारी सम्मान योजना में 500 रुपये में टंकी तो भाजपा सरकार से 500 रुपये ज्यादा देकर डेढ़ हजार रुपये देने का दावा किया है।

इसको लेकर कांग्रेस के कार्यकता जमीनी स्तर पर काम करना भी शुरू कर दिया है जिसमें महिलाओं का पंजीयन करवाया जा रहा है। छिदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्र कमलनाथ ने इसका शुभारंभ किया है।

धार जिले के 16 ब्लॉक में कांग्रेस कमेटी हर घर पर पहुंचकर महिलाओं क इसके लिए पंजीयन कर रही है। इसमें प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये व 500 रुपये में सिलेंडर दिए जाने का वचन दिया जाएगा।

nari samman yojana and kamalnath

3 लाख से अधिक फॉर्म विधानसभाओं में पहुंचाए –

इसको लेकर कांग्रेस में जिले भर में सात विधानसभा में विधानसभा वार नारी सम्मान के आवेदन दिए आवेदन को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर भरवा रहे हैं। आवेदन भरवाने के साथ में एक प्राप्ति खुद कार्यकर्ता रख रहे तो एक प्राप्ति आवेदनकर्ता को दे रहे हैं। वही जो यह प्राप्ति पावती ले रहे हैं उसको भोपाल कांग्रेस कार्यालय पहुंचाया जाएगा।

सरकार बनने के बाद तुरंत एक्टिवेट कर दिए जाएंगे-

एक्टिव होने के बाद तुरंत ही नारी सम्मान योजना का लाभ महिलाओं को मिलेगा। इसको लेकर धार में 10 हजार से अधिक तो मनावर में 15 हजार, धरमपुरी में 12 हजार, सरदारपुर में 15 हजार तो गंधवानी में 5 से अधिक तो बदनावर में 10 हजार फॉर्म भर दिए गए हैं।

कुक्षी विधायक हनी बघेल ने बताया कि नारी सम्मान योजन में 15 हजार फॉर्म भरवाए गए हैं।

जनता हितैषी सरकार –

भाजपा सरकार जनता हितेषी है। नारी सम्मान के लिए हर वक्त भाजपा आगे रहती है। महिलाओं के लिए हमारी सरकार लाडली बहना योजना लाई। वही 10 जून का दिन जिले मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक रहेगा। लाडली बहना योजना के एक हजार रुपये लाडली बहनों के खाते में आएंगे। – मनोज सोमानी, भाजपा जिला अध्यक्ष, धार

नारी सम्मान पत्र भर रहे हैं –

कांग्रेस नारी सम्मान योजना के तहत जिले भर की 7 विधानसभाओं में आवेदन भरवा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा से बिगुल फूंका था जिसमें डेढ़ हजार रुपये महिलाओं व 500 रुपये में सिलेंडर हम देंगे। हमारी सरकार आएगी तो इस योजना का लाभ महिलाओं को दिया जाएगा। – कमल पाटीदार, कांग्रेस जिला अध्यक्ष



Related