दमोह उपचुनाव: कमलनाथ ने कहा- सौदेबाजी की राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगा दमोह


पूर्व सीएम कमलनाथ ने वर्तमान सीएम शिवराज सिंह चौहान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि शिवराज जब तक झूठ नहीं बोलते, तब तक उनका खाना नहीं पचता है।


लक्ष्मीकांत तिवारी
दमोह Updated On :
kamal-nath-damoh
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के दमोह पहुंचने पर कांग्रेसियों ने किया जोरदार स्वागत।


दमोह। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ गुरुवार की सुबह दमोह पहुंचे। यहां होने वाले उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए अजय टंडन के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया।

इस दौरान पूर्व सीएम कमलनाथ ने वर्तमान सीएम शिवराज सिंह चौहान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि शिवराज जब तक झूठ नहीं बोलते, तब तक उनका खाना नहीं पचता है।

साथ ही उन्होंने सवाल किया कि मध्यप्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान कांग्रेस की सरकार ने शुरू किया था। मैंने अपनी नीति व नीयत दिखाकर क्या प्रदेश में गुनाह किया था?

कमलनाथ ने कहा कि विधानसभा में भाजपा ने यह माना था कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान किसानों की कर्जमाफी हुई है, लेकिन शिवराज घोषणाओं के मास्टर हैं। भाजपा के कलाकारी की पहचान अब युवाओं को करनी होगी।

कांग्रेस प्रत्याशी के लिए जन समर्थन मांगते हुए कमलनाथ ने कहा कि दमोह की जनता से अपील है कि छिंदवाड़ा की तरह दमोह में एक नया इतिहास बनाया जाएगा। दमोह सौदेबाजी की राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगा।

पूर्व सीएम ने केंद्र सरकार से सवाल करते हुए कहा कि कोरोना संकट के दौरान 20 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की गई थी। आखिर इतने पैसे कहां गए। इसके बारे में पीएम मोदी को बताना चाहिए।

इतना ही नहीं कमलनाथ ने कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार को घेरेत हुए कहा कि मोदी सरकार कृषि कानूनों की आड़ में निजीकरण की व्यवस्था अपनी रही है। कांग्रेस की बनाई समर्थन मूल्य व्यवस्था को मोदी सरकार खत्म कर रही है।

इससे पहले दमोह पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हैलिपेड पर उनका जोरदार स्वागत किया। आमसभा को संबोधित करने के बाद वे कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन का नामांकन भरवाने कलेक्ट्रेट जाएंगे।

गौरतलब है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में कमलनाथ अब भाजपा प्रत्याशी बन चुके राहुल सिंह के पक्ष में प्रचार करने आए थे। उस समय रोड शो किया गया था तो पूरे शहर की सड़कों पर हजारों लोग कमलनाथ का स्वागत करने के लिए तैयार थे।



Related