भारत जोड़ो यात्रा के ब्रेक के दौरान कैंप साइट पर डांस करते दिग्विजय सिंह का वीडियो वायरल


भारत जोड़ो यात्रा के ब्रेक के दौरान कैंप साइट पर दिग्विजय सिंह हल्के-फुल्के अंदाज में दिखे और फिल्मी गानों पर डांस करते नजर आए। उन्होंने फिल्म शोले के गाने ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे…’ पर भी डांस किया।


DeshGaon
राजनीति Published On :
digvijay singh dance video

इंदौर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह का फिल्म ब्रह्मास्त्र के रोमांटिक गाने ‘केसरिया तेरा इश्क है पिया’ पर डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

भारत जोड़ो यात्रा के ब्रेक के दौरान कैंप साइट पर दिग्विजय सिंह हल्के-फुल्के अंदाज में दिखे और फिल्मी गानों पर डांस करते नजर आए। उन्होंने फिल्म शोले के गाने ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे…’ पर भी डांस किया।

बता दें कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और मध्यप्रदेश के करीब पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सीमा पर यात्रा को दो दिन का ब्रेक देकर राहुल गांधी गुजरात चुनाव प्रचार के लिए गए हैं।

बता दें कि वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह भारत जोड़ो यात्रा के समन्वयक भी हैं। दूसरी तरफ, उनके डांस पर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चुटकी लेते हुए कहा- धारदार चाल ऐसी ही बनी रहे आदरणीय…।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- उनका (दिग्विजय) उमंग भरा डांस और खुशी से दमकता चेहरा, आपकी धारदार चाल ऐसे ही बनी रहे आदरणीय…।

बता दें, कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री उमंग सिंघार पर रेप केस दर्ज होने के बाद से भाजपा कांग्रेस नेताओं पर लगातार हमलावर है।

नरोत्तम का यह बयान इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, दिग्विजय सिंह के साथ उमंग के रिश्तों की खटास भी पुरानी है।​​​​​​​



Related