केंद्र सरकार ने एक साथ 8 राज्यों के राज्यपाल बदले, थावरचंद गहलोत बने कर्नाटक के गवर्नर


केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में कैबिनेट विस्तार से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने एक साथ आठ राज्यों के राज्यपालों की नियुक्ति की है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :
governors

नई दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में कैबिनेट विस्तार से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने एक साथ आठ राज्यों के राज्यपालों की नियुक्ति की है, जिनमें से एक केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत भी शामिल हैं।

हिमाचल प्रदेश में राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर को नया राज्यपाल नियुक्ति किया गया है। मिजोरम के राज्यपाल रह चुके पीएस श्रीधरन पिल्लई को अब गोवा का राज्यपाल बनाया गया है।

छत्तीसगढ़ की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रमेश बैस को अब झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। अटलबिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री पद संभाल चुके बैस इससे पहले उत्तर पूर्वी राज्य त्रिपुरा में राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

बैस की जगह त्रिपुरा में सत्यदेव नारायण को राज्यपाल बनाया गया है। वहीं मिजोरम में हरिबाबू कम्भमपति को नया राज्यपाल बनाया गया है। मध्यप्रदेश में मंगूभाई छगनभाई पटेल को राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता व हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को अब हरियाणा का राज्यपाल बनाया गया है।

मध्यप्रदेश कोटे से कैबिनेट मंत्री थावर चंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को जगह देने के लिए थावर चंद गहलोत को कैबिनेट से निकालकर राजभवन पहुंचाया गया है।

सरकार द्वारा नियुक्त किए राज्यपाल की लिस्ट –

  • मंगूभाई छगनभाई पटेल: मध्य प्रदेश के राज्यपाल होंगे।
  • थावर चंद गहलोत: केंद्रीय मंत्री थे, अब कर्नाटक के राज्यपाल होंगे।
  • रमेश बैस: त्रिपुरा के गवर्नर थे, अब झारखंड के गवर्नर होंगे।
  • बंडारू दत्तात्रेय: हिमाचल के गवर्नर थे, अब हरियाणा के राज्यपाल होंगे।
  • सत्यदेव नारायण आर्य: हरियाणा के राज्यपाल थे, अब त्रिपुरा के गवर्नर होंगे।
  • राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल होंगे।
  • पीएएस श्रीधरन पिल्लई: मिजोरम के राज्यपाल थे, अब गोवा के गवर्नर होंगे।
  • हरिबाबू कम्भमपति: मिजोरम के राज्यपाल होंगे।



Related