पूर्व प्रचारक ने संघ पर लगाए कई गंभीर आरोप


संघ प्रचारक रहे यशवंत शिंदे ने दावा किया है कि 2006 के पटबंधरे नगर बम विस्फोट RSS ने करवाए थे


DeshGaon
बड़ी बात Published On :

भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर अतिवाद के आरोप कई बार लग चुके हैं। ऐसा ही एक बार फिर हुआ है और इसे लेकर मुंबई में संघ के प्रचारक रहे यशवंत शिंदे सुर्खियों में है।

मुंबई के संघ प्रचारक रहे यशवंत शिंदे ने दावा किया है कि 2006 के पटबंधरे नगर बम विस्फोट RSS ने करवाए थे। यशवंत शिंदे ने नांदेड़ की एक अदालत में हलफनामा दाखिल कर कहा है कि वह इस मामले में गवाह बनने के लिए तैयार है। शिंदे ने इस हलफनामे में कहा कि उनके पास धमाके से जुड़ी हुई सारी जानकारी है। शिंदे के इस दावे ने ना केवल आर एस एस बल्कि बीजेपी को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है शिंदे ने कहा है कि संघ की गतिविधियां बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए होती हैं।

इसके बाद कांग्रेस आक्रामक हो गई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि, ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे यशवंत शिंदे ने हलफ़नामा दर्ज कर संघ के राष्ट्र विरोधी कारमानों की ख़ौफ़नाक जानकारी उजागर की है। कैसे पूरे देश में बम विस्फोट करने का षड़यंत्र रचा गया, कौन कौन लोग उसमें शामिल थे, इससे बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़ और क्या हो सकती है।’

रिपोर्ट्स के अनुसार सात पन्नों के इस हलफनामे में शिंदे ने आरएसएस के द्वारा बम विस्फोट की योजना बनाने और उसे अंजाम देने के कई स्तरों पर उनकी संलिप्तता का दावा किया है।

शिंदे के मुताबिक वे निश्चित समय पर बैठक के लिए गए जहां सिर्फ दो व्यक्ति थे। वे आरएसएस के सदस्य थे और मिलिंद परांडे के करीबी सहयोगी थे, जो VHP महाराष्ट्र प्रांत के नेता थे। इन दो व्यक्तियों ने बताया किया कि जल्द ही बम बनाने का एक प्रशिक्षण शिविर आयोजित होने वाला है।

शिंदे के मुताबिक, ‘उसके बाद पूरे देश में बम विस्फोट करने की योजना थी। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि मुझे देश के विभिन्न हिस्सों में अधिक से अधिक बम विस्फोट करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मैं चौंक गया लेकिन अपने चेहरे पर यह नहीं दिखाया।’

शिंदे ने वीडियो में बताया कि वह नांदेड़ में कई बार हिमांशु पांसे से मिलने गया और उनसे कहा कि वह ऐसा ना करें। साल 2006 में हिमांशु और एक अन्य की बम बनाते हुए नांदेड़ के पटबंधरे नगर में विस्फोट से मौत हो गई। इसको लेकर पहले कहा गया कि पटाखा विस्फोट था लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि ये विस्फोट बम बनाते समय हुआ था।

 

 



Related