भोपाल में 29 अक्टूबर से मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ का प्रांतीय अधिवेशन


मप्र लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष मनोज बाजपेई ने बताया कि 29 अक्टूबर को भोपाल में बनायी जायेगी लिपिकों के आगामी आंदोलन की रूपरेखा।


DeshGaon
उनकी बात Published On :
mp clerical government employees union

भोपाल। मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ का प्रांतीय अधिवेशन दिनांक 29 अक्टूबर, शनिवार को संकटमोचन हनुमान मंदिर सेकंड स्टॉप, तुलसीनगर, भोपाल में आयोजित किया जा रहा है।

प्रांतीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने हेतु चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग द्वारा सहमति प्रदान की गयी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सलाहकार शिव चौबे, मप्र राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा को भी आमंत्रित किया गया है।

मुख्यमंत्री चौहान के निज सचिव संतोष शर्मा ने भी उपस्थिति हेतु सहमति प्रदान की है। अन्य अधिकारी/कर्मचारी संगठनों के प्रांताध्यक्षगण भी उपस्थित रहेंगे।

CPCT पास न होने के आधार पर अनुकम्पा नियुक्ति से आये लिपिकों को नौकरी समाप्त की जा रही है। यह लिपिकों की सर्वाधिक ज्वलंत समस्या है। इसके अलावा दीर्घकाल से चल रही लिपिकों की वेतन विसंगति, मंत्रालय के समान समयमान वेतनमान, रमेशचंद्र शर्मा समिति की अनुशंसाएं इत्यादि अन्य समस्याएं हैं।

उक्त अधिवेशन में संगठन के समस्त संभागीय अध्यक्ष/जिला अध्यक्ष/तहसील अध्यक्ष शामिल होंगे। अधिवेशन के द्वितीय सत्र में लंबित मांगों के लिए आगामी आंदोलन की रुपरेखा सर्वसम्मति से तैयार की जायेगी। उक्त रुपरेखा के अनुसार आंदोलन के चरण घोषित किये जायेंगे।

बता दें कि वर्ष 2018 में उल्लेखित मांगों को लेकर पूरे प्रदेश के लिपिकों ने 16 दिन तक प्रदेश व्यापी हड़ताल की थी। तत्कालीन वित्तमंत्री जयंत मलैया के आश्वासन पर हड़ताल समाप्त की गयी थी। उसके बाद तत्कालीन वित्तमंत्री ने कुछ नहीं किया था और उस समय से ही उक्त मांगें लंबित चल रही हैं।



Related