धार लोकसभाः दमदार रही कांग्रेस प्रत्याशी राधेश्याम मुवेल की नामांकन रैली, भाजपा उम्मीदवार सावित्री ठाकुर पर ज़ोरदार हमला


प्रदेश अध्‍यक्ष पटवारी बोले, ये काम नहीं सिर्फ कमीशन खाना जानते हैं, भाजपा के सांसद दो लाख का पानी का टैंकर आठ लाख में खरीदकर कमीशन खा रहे हैं।


आशीष यादव आशीष यादव
लोकसभा चुनाव 2024 Updated On :

धार लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार राधेश्याम मुवेल ने बुधवार को अपना नामांकन जमा किया। उनकी नामांकन रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। रैली में खुली जीप में मुवेल के अलावा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार,अरुण यादव, विधायक हनी बघेल, प्रताप ग्रेवाल, जिला अध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार, मनोज गौतम, पांचीलाल मेड़ा, कन्हैया लाल ठाकुर, शक्ति सिंह, चंद्रपाल राजू खेड़ी ,भीम सिंह सवार थे। मंच पर सांसद विवेक तन्खा ,प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक सुरेंद्रसिंह बघेल, हीरालाल अलावा, प्रताप ग्रेवाल,भंवरसिंह शेखावत, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्रसिंह जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार मौजूद रहे। जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अजय सिंह ठाकुर ने दी।

मंगल सूत्र देश पर न्योछावर किया : पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगल सूत्र की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी,सोनिया गांधी ने देश के लिए अपना मंगल सूत्र न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी सावित्री ठाकुर जब जिला पंचायत अध्यक्ष थी तब वे कितनी बार गांव में आईं, तो ग्रामीणों ने कहा एक बार भी नहीं। पांच साल में एक सांसद को 50 करोड मिलते हैं,  इसके बाद भी गांव का विकास न हीं हुआ।

भाजपा के सांसद दो लाख का पानी का टैंकर आठ लाख में खरीदकर कमीशन खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा का नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महंगाई की मार अबकी बार मोदी सरकार बोला था। महंगाई आज आसमान छू रही है। विकसित भारत की बात करते है भारत तो विकसित नहीं हुआ लेकिन भाजपा के नेताओं का जरूर विकास हुआ है।

बचपन से राम-राम बोल रहे अब हमें ये सिखाएंगे: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाषण की शुरुआत सभी से राम-राम बोलकर की। उन्होंने कहा कि हम अनादिकाल से राम-राम बोलते आ रहे है। भाजपा अब हमें राम सिखा रही है। राम बोलना हमारे संस्कार में शुरू से है। अब मोदी बेरोजगारी, महंगाई के मुद्दे पर बात नहीं करते हैं। कांग्रेस सरकार में फसल के दाम की पूरी गारंटी है। पूर्व में कांग्रेस सरकार बनते ही केबिनेट की बैठक में कर्ज माफी का आदेश निकाला था। बाद में सरकार बदली और शिवराज ने आदेश को ही निरस्त कर किसानों के साथ धोखा कर दिया।

चुनाव में ये लोग गुजरात से पैसा लेकर बांटने आएंगे। किसानों को सम्मान निधि के नाम पर पांच हजार देते हैं, इस रुपए में किसान का गुजारा कैसे होगा। सिंघार ने कहा कि किसानों को भीख नहीं उपज का सही मूल्य चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलवामा कांड हुआ। कांड के बाद सरकार बोलती है कि हमने आतंकवादी मार दिए। पुलवामा शहीद की पत्नी हक के लिए भाजपा सरकार के नुमाईदों के चक्कर लगाती रही। ये लोग उसकी मदद नहीं कर पाए। बाद में न्यायालय जाने पर उसे न्याय मिला। वर्तमान में चल रहे मंगलसूत्र के मामले में सिंघार ने कहा कि सरकार को कोरोना काल याद करना चाहिए उस काल में कई बहनों को मंगलसूत्र गिरवी रखकर पति और परिवार का इलाज कराना पडा। उन्होंने कहा कि ये सच और झूठ और आत्मसम्मान की लडाई है।

डरपोक लोग पार्टी छोड रहे… राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि भाजपा की सदस्यता डरपोक ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि उमंग सिंघार, जीतू पटवारी और अरूण यादव की टीम ने मप्र में कांग्रेस को मजबूत किया है। उन्होंने सिंघार को कांग्रेस का जांबाज सिपाही बताया। उन्होंने कहा कि पहले चरण के चुनाव के बाद भाजपा में घबराहट है। भाजपा सरकार दबाव बनाने के लिए इडी,सीबीआई का सहारा ले रही है। ये लोग संविधान बदलना चाहते है।

भाजपा सरकार से सब परेशान:  इस दौरान प्रत्याशी राधेश्याम मुवेल ने भी संबोधित किया। मुवेल ने कहा कि भाजपा सरकार से महिलाएं, युवा, किसान सभी त्रस्त हो चुके है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढने के लिए आज भी बाहरी शहरों में पलायन करना पडता है। उन्होंने कहा कि दो करोड नौकरी देने का वादा भी झूठा निकला। उन्होंने कहा कि सांसद निधि से गांव में काम कराने के लिए सरपंचों को कमीशन देना पडता है। उन्होंने वादा कि गांव में विकास के लिए पैसा देने वे खुद सरपंचों के पास जाएंगे। कमीशनबाजी पूरी तरह से बंद होगी। भाजपा देश, धर्म को तोडने की बात करती है तो कांग्रेस सभी को एकसूत्र में पिरोकर रखतीहै।

सिंघिया घराना अंग्रेजों का काम कर रहा था: अरूण यादव ने कहा कि देश को आजाद कराने के लिए हमारे पुरखे अंग्रजों से लड़ रहे थे। उस दौरान सिंधिया घराना अंग्रेजों के जूते-चप्पल उठाकर अलमारी में रख रहे थे। उन्होंने कहा कि ये मैं नहीं ग्वालियर का इतिहास बोल रहा है। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस छोडकर गए हैं, वे निजी स्वार्थ से गए हैं। उन्होंने कहा पीएम नरेंद्र मोदी जोर-शोर से मंगलसूत्र की बात कर रहे है। उन्होंने कहा कि जसोदा बेन का मंगल सूत्र ही उन्होंने नष्ट कर दिया। उन्हें मंगलसूत्र की अहमियत ही नहीं पता। यादव ने कहा कि जो पत्नी की रक्षा नहीं कर सकते है। वे देश की रक्षा क्या करेंगे। भाजपा के सांसद निधि से पैसा जारी करने में कमीशन ले रहे है। पानी के टैंकर पर 30 प्रतिशत,खरंजे पर 20 प्रतिशत ले रहे है।

मोदी झूठ बोलकर गुमराह कर रहे है : कांग्रेस के पांचों विधायक मौजूद रहे। कुक्षी विधायक सुरेंद्रसिंह हनी बघेल ने कहा कि चुनाव के पूर्व नरेंद्र मोदी कहते थे काला धन लाएंगे। उल्टा इलेक्ट्रोबांड ने पोल खोलकर रख दी। कई कंपनियों से भाजपा नेकरोडों रुपए लिए है। नोटबंदी के बारे में उन्होंने कहा कि कई लोगों की मौत लाइन में खडे-खडे हो गई है। मनावर विधायक हीरालाल अलावा ने कहा कि मोदी सरकार झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रही है। धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है। देश की संपत्ति को बेच रही है। जबकि संपत्ति पर अधिकार आदिवासी का होता है। सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि अब सरकार महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुददों पर चुप है। किसानों की आय दोगुनी करने वाली सरकार उचित मूल्य नहीं दिला पा रही है। बदनावर विधायक भंवरसिंह शेखावत ने कहा कि हर मुददे पर भाजपा सरकार फैल है। उन्होंने कहा ये चुनाव देश के संविधान और आजादी बचाने का है।

तपती धूप नहीं कर पाई हौंसला कम : दोपहर में बसस्टैंड से रैली शुरू हुई। रैली में कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ झंडा थामे चल रहे थे। तेज गर्मी के बाद भी कार्यकर्ताओं का हौंसला देखने लायक था। कार्यकर्ताओं के पीछे खुली जीप में प्रत्याशी मुवेल और आला नेता चल रहे थे। जुलूस नगर भ्रमण कर निजी गार्डन पहुंचा जहां पर सभा हुई।



Related