महादेव के मंदिरों में लगा भक्तों का तांता, गूंजते रहे भोलेनाथ के जयकारे


शिवलिंग पर जलाभिषेक करने वालों की भीड़ लगी रही। महिलाएं एवं युवतियां घरों से सज-धजकर भगवान शिव की पूजा के लिए मंदिरों में पहुंचीं।


DeshGaon
धार Published On :
mahadev temple dhar

धार। जिले भर में महाशिवरात्रि पर्व शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में सुबह आरती की गई और इसके बार शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जल चढ़ाना शुरू किया। शिव भक्त भोले बाबा के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे।

शिव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का मेला लगा रहा। सैकड़ों की सख्या में श्रद्धालु महिला-पुरूष यहां जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे।

मंदिर के पुजारी कपिल बिल्लोरे ने बताया कि महाशिवरात्रि के मौके पर सुबह चार बजे से ही भक्तों का आना-जाना शुरू हो गया था। इस दिन भगवान शिव का उपवास रखना काफी फलदायी माना जाता है।

ऐसा कहा जाता है कि शिवरात्रि के दिन भगवान भोले अपने भक्तों की भक्ति से प्रसन्न होकर उनकी हर मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। आसपास के गांवों में महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया।

अनारद महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा हवन-यज्ञ के साथ फलयारी का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर के शिवलिंग पर जलाभिषेक करने वालों का तांता लगा रहा।

शिवलिंग पर जलाभिषेक करने वालों की भीड़ लगी रही। महिलाएं एवं युवतियां घरों से सज-धजकर भगवान शिव की पूजा के लिए मंदिरों में पहुंचीं।

गांव सकतली, बिलोदा, पचलाना, तीसगांव, मलगांव, उमरिया, रामपुर, तोरनोद आदि गांवों में महाशिवरात्रि बड़े जोर-शोर से मनाया गया। यहां के मंदिरों में युवा मंडल सदस्यों के सहयोग से महाशिवरात्रि पर्व बड़े ही श्रद्धापूर्ण भाव से मनाया गया।

पीले वस्त्र के साथ गांवों में निकला जुलूस –

shivaratri chal samaroh

महाशिवरात्रि के पर्व पर गांव अनारद में भगवान भोलेनाथ का चल समारोह निकाला गया जिसमें गांव में जगह-जगह भोलेनाथ का स्वागत किया गया। डीजे के बैंड के आगे महिलाओं व युवा नाचते हुए भोलेनाथ का नगर भ्रमण कराया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। भोलेनाथ के चल समारोह के पहले पूरे गांव की सड़कों को पानी से धोकर साफ किया गया व चल समारोह में भोलेनाथ के जयकारे के साथ जुलूस निकाला गया।

मंदिरों में सुबह से लगा शिवभक्तों का तांता –

shivaratri in dhar

महाशिवरात्रि के पर्व पर सुबह से ही मंदिरों पर शिवभक्तों का तांता लगा रहा। बलखण्डी महादेव मंदिर में रतनलाल यादव द्वारा दो सौ लीटर दूध की खीर का प्रसाद का वितरण किया गया।

अनारद मंदिर व पंचमुखी सहित गांव के विभिन्न प्रमुख मंदिरों के अलावा अन्य स्थित मंदिरों में भी शिव दर्शन करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। मनकामेश्वर मंदिर में सुबह से ही लंबी करार नजर आई।

सुबह से ही मंदिरों में बोलबम, ओम नमः शिवाय, शिव-शिव जैसे जयकारों की गूंज रही। मंदिर में लोग घर में सुखशांति की मनोकामना करते नजर आये।

प्रशासन रहा सतर्क, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त –

महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। वहीं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। महिला तथा पुरुष पुलिस के जवान हर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात किए गए थे।

यातायात की सुचारू व्यवस्था के लिए यातायात पुलिस को भी तैनात किया गया था जो यातायात को नियंत्रित करने का कार्य कर रहे थे। जिले भर में शांतिपूर्वक महाशिवरात्रि का पर्व मनाया गया।



Related