कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे उमंग सिंघार की पत्नी पर महिला से मारपीट का आरोप, केस दर्ज


विधायक की पत्नी पिंकी पति उमंग सिंघार ने खाना बनाने की बात को लेकर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उसके मारपीट की थी। घटना मंगलवार की दोपहर करीब 2.30 बजे के आसपास की है।


DeshGaon
धार Published On :
naugaon police

धार। मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार में वन मंत्री रहे गंधवानी विधायक उमंग सिंघार हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। विवादों से इनका पुराना नाता रहा है। मंत्री रहते भी यह अपनी बयानबाजी के कारण सुर्खियों में बने रहते थे।

सिंघार एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। हालांकि, इस बार पूर्व मंत्री उमंग सिंघार के धार स्थित आवास पर खाना बनाने वाली महिला ने सिंघार की पत्नी पिंकी सिंघार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस से की गई शिकायत में महिला ने बताया कि पिंकी सिंघार ने खाना बनाने की बात पर मुझे अपशब्द कहे और मेरे साथ मारपीट भी की। उक्त महिला उमंग सिंघार के धार निवास पर खाना बनाने का कार्य करती है।

पूर्व में भी उमंग सिंघार के भोपाल में स्थित आवास पर उनकी महिला मित्र सोनिया भारद्वाज ने फांसी लगा ली थी जिसके बाद पुलिस ने सोनिया भारद्धाज को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में प्रकरण दर्ज किया था जिसके बाद पूर्व मंत्री सुर्खियों में आ गए थे।

पूर्व वन मंत्री उमंग सिंघार धार जिले की गंधवानी विधानसभा से विधायक हैं। महिला की शिकायत पर नौगांव पुलिस ने मंत्री की पत्नी के खिलाफ मारपीट की 294, 323, 506 भादवी की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

हालांकि विधायक के समर्थकों ने महिला को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन महिला ने कल देर रात करीब 1.30 बजे केस दर्ज किया है। पूर्व मंत्री की पत्नी होने के चलते मामला अब हाई प्रोफाइल हो चुका है। वहीं पूर्व मंत्री एक बार फिर मामले को लेकर सुर्खियों में हैं।

नौगांव थाने से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस विधायक सिंघार का घर धार के आदर्श रोड पर पुराने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे बना हुआ हैं। यहां महिला पिछले कई सालों से विधायक के घर पर नौकरी कर रही है।

विधायक की पत्नी पिंकी पति उमंग सिंघार ने खाना बनाने की बात को लेकर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उसके मारपीट की थी। घटना मंगलवार की दोपहर करीब 2.30 बजे के आसपास की है।

पीड़ित महिला ने घर जाकर अपने पति को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसके बाद दंपत्ति मंगलवार की रात नौगांव थाने पहुंचे थे और शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की।



Related