अनूठे ढंग से मनाया गया सावन का पहला सोमवार, ग्रामीणों ने किया सामूहिक पौधरोपण


परिजनों की स्मृति में प्रकृति का श्रृंगार करने एक साथ उठे सैंकड़ों हाथ। बेलपत्र सहित नीम, पीपल, बरगद, मौलश्री सहित अनेक धार्मिक महत्त्व के पौधे रोपे गए। नगर में पहली बार निकला पौधों का चल समारोह।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :
dhar-sawan
पौधरोपण के लिए चल समारोह के रूप में एक साथ पहुंचे ग्रामवासी।


धार/सादलपुर। नगर स्थित मुक्तिधाम पहुंच मार्ग के दोनों ओर स्मृति वन विकसित करने के उद्देश्य व अपने परिजनों की स्मृति को बनाये रखने के लिए भगवान शिव के प्रिय पवित्र सावन माह का पहला सोमवार नगर में कुछ अलग ढंग से मनाया गया।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए इस दिन यहां प्रकृति का श्रृंगार करने एक साथ सैकड़ों हाथ उठे जिन्होंने बड़े भाव से सामूहिक पौधरोपण कर सैकड़ों पौधे लगाए व इन्हें विकसित करने का संकल्प भी लिया।

भगवान शिव के प्रिय बेलपत्र व नीम, पीपल, बरगद, मौलश्री, सप्तपर्णी, कदम, बॉटल ब्रश सहित अनेक धार्मिक महत्त्व के पौधे रोपे गए। पौधरोपण का यह कार्यक्रम अपने आप में विशिष्ट था क्योंकि इस तरह का पौधरोपण पहले कभी भी नहीं हुआ था।

स्मृति वन सेवा संस्था के बैनर तले आयोजित इस वृहद पौधरोपण अभियान के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं और नगर में पहली बार पौधों का चल समारोह भी निकाला गया।

बैंड बाजों के साथ पौधों का निकला चल समारोह –

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने व पेड़-पौधे मानव जीवन मे कितने महत्वपूर्ण हैं, इसका संदेश देने के लिए नगर में पहली बार बैंड बाजों के साथ पौधों का चल समारोह निकाला गया जिसमें ग्रामीण अपने हाथों में पौधा लिए चल रहे थे।

बड़ी संख्या में मातृ शक्ति भी इस कार्यक्रम में सम्मलित हुईं। नगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए पौधों का यह चल समारोह पौधरोपण स्थल पर पहुंचा। पौधों का चल समारोह देख कई लोग अचंभित दिखे।

इससे पहले नगर के संकट मोचन हनुमान मंदिर पर पौधों का पूजन किया गया जिसमें विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न करवाया व लगाए जाने वाले पौधों की देखभाल करने व इन्हें पौधे से पेड़ बनाने तक इनकी देखरेख करने का संकल्प भी ग्रामवासियों ने लिया।

स्मृति वन से मुक्तिधाम पहुंच मार्ग की बदलेगी सूरत –

स्मृति वन सेवा संस्था के संयोजक लोकेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि नगर स्थित मुक्तिधाम पहुंच मार्ग फोरलेन सड़क से करीब 800 फीट अंदर है जिसमें सड़क के दोनों और छांव नहीं है।

कोरोना काल मे आई ऑक्सीजन की कमी व बिगड़ते पर्यावरण को सुधारने की चिंता ने युवाओं को यहां स्मृति वन विकसित करने की प्रेरणा जगी जिसके बाद नगर के युवाओं ने ग्रामीणों को अपने परिजनों की स्मृति में पौधरोपण करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जिसके बाद कई ग्रामीण साथ आए और एक साथ सैकड़ों पौधे रोपे गए।

इनके विकसित होने से मुक्तिधाम पहुंच मार्ग में छांव तो होगी ही पर्यावरण भी सुधरेगा और जिन परिजनों की स्मृति में पौधे लगाए गए हैं उनकी यादें भी बनी रहेंगी।

देश भर में साइकिल यात्रा कर पौधरोपण कर चुके पिराग सिंह डावर का सम्मान –

पौधरोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिराग सिंह डावर थे। विशेष अतिथि के रूप में मालवा प्रांत गौसेवा प्रमुख रामगोपाल वर्मा थे। इस अवसर पर स्मृति वन सेवा संस्था द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए सन 2002 से सतत पौधरोपण में लगे व देश भर में साइकिल यात्रा कर 10 हजार से भी अधिक पौधे लगा चुके सच्चे प्रकति प्रेमी व कर्मयोगी पिराग सिंह डावर इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे।

स्मृतिवन सेवा संस्था द्वारा डावर का प्रकृति की अविस्मरणीय सेवा करने के लिए शॉल व श्रीफल के साथ ही कर्मयोगी सम्मान 2021 से सम्मानित भी किया गया।



Related