कृषि कानूनों के ख़िलाफ़ इंदौर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, पटवारी व गुड्डू भी रहे शामिल


देखा जाए तो कांग्रेस का यह प्रदर्शन दिल्ली के नेताओं के सामने पूरी तरह रस्म अदायगी की थी। आसपास के क्षेत्रों से भी यहां कार्यकर्ताओं को बुलाने के कोई इंतजाम नजर नहीं आए।


DeshGaon
इन्दौर Updated On :
jitu patwari

इंदौर। विवादित कृषि कानूनों को लेकर जहां कांग्रेस के बड़े नेता दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे थे तो वही इंदौर में स्थानीय कांग्रेसी इन कानूनों का विरोध कर रहे थे। यहां खंडवा रोड पर तेजाजी चौक पर यह प्रदर्शन किया गया।

इसमें विधायक जीतू पटवारी, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू पहुंचे थे। प्रदर्शन के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पहले ही अपने ट्रैक्टर लेकर यहां पहुंच गए थे। कांग्रेस का यह प्रदर्शन करीब आधे घंटे तक ही चला और कोई बहुत प्रभावी नजर नहीं आया।

विधायक जीतू पटवारी यहां कुछ देर के लिए आए और प्रदर्शन की रवायत निभा कर चले गए। यही हाल प्रेमचंद गुड्डू का भी रहा। जो आए और प्रदर्शन के बहाने लोगों से मिलते जुलते और तस्वीरें खिंचवाते रहे। यहां कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव भी पहुंचे थे।

देखा जाए तो कांग्रेस का यह प्रदर्शन दिल्ली के नेताओं के सामने पूरी तरह रस्म अदायगी की थी। आसपास के क्षेत्रों से भी यहां कार्यकर्ताओं को बुलाने के कोई इंतजाम नजर नहीं आए। जितने कम नेता थे उतने ही कम कार्यकर्ता भी यहां पहुंचे थे।

अपने नेताओं के इस कमजोर प्रदर्शन से कई कांग्रेसी कार्यकर्ता भी मायूस नज़र आए। उनके मुताबिक पूरे देश में जहां कृषि कानूनों का पुरजोर विरोध चल रहा है तो वहीं कांग्रेस इसे लेकर अब तक बेहद कमजोर रही है।

मध्यप्रदेश में कई स्थानों पर प्रदर्शन हो रहे हैं और इंदौर में तो कई बार बहुत से संगठन कृषि कानूनों का विरोध कर चुके हैं लेकिन कांग्रेसी नेता अपने जिले के अलावा दूसरे जिलों में ज्यादा सक्रिय नजर आए हैं।

संभवतः इन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का निशाना जीतू पटवारी की ओर था जो बीते दिनों कई प्रदर्शनों में दूसरे जिलों में नजर आए थे लेकिन इंदौर में उनकी सक्रियता ख़ास नहीं रही।

 

इसके अलावा कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कृषि कानूनों को लेकर प्रदर्शन किया। इनमें कमलनाथ से लेकर कई कांग्रेस के नेताओं ने हिस्सा लिया।

कुछेक जगहों पर अच्छी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता नजर आए लेकिन इसके बावजूद भी यह प्रदर्शन कोई खास सुर्खियां नहीं बने।



Related