किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, उषा ठाकुर को बताया सबसे निष्क्रिय विधायक


किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने, जानापाव में नर्मदा का पानी नहीं पहुंचाने व किसानों का कर्ज माफी नहीं करने के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को पैदल मार्च निकाला।


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Published On :
mhow congress protest

महू (इंदौर)। किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को अंतर सिंह दरबार के नेतृत्व में 10 ट्रैक्टरों के साथ शहर का भ्रमण कर प्रदर्शन किया और ड्रीमलैंड चौराहे पर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं ने महू की वर्तमान विधायक उषा ठाकुर को मध्यप्रदेश के इतिहास में सबसे निष्क्रिय विधायक तक कह दिया।

 

किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने, जानापाव में नर्मदा का पानी नहीं पहुंचाने व किसानों का कर्ज माफी नहीं करने के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को पैदल मार्च निकाला।

 

इस पैदल मार्च में ग्रामीण क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए जिसमें किसानों की संख्या अधिक थी। पैदल मार्च समाप्त होने के बाद कई किसान ट्रैक्टर के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शन कर रहे किसानों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता अंतर सिंह दरबार ने कहाकि मध्यप्रदेश के इतिहास में उषा ठाकुर सबसे निष्क्रिय विधायक हैं जो महू के किसानों का कर्ज माफ नहीं करा पाईं।

 

उन्होंने आगे कहा कि इसके अलावा महू तहसील में जो भी विकास कार्य होते हैं उन सब के टेंडर भाजपा के दलाल लेते हैं जो कांग्रेस समर्थित कार्यकर्ताओं के गांव में काम नहीं करते।

इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, मुजीब कुरैशी, कपिल सोलंकी, अजय वर्मा, कमल चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

ज्ञापन सौंपने के लिए करना पड़ा आधा घंटा इंतजार –

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का पैदल मार्च नगर भ्रमण के बाद ड्रीमलैंड चौराहे पहुंचा, जहां पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जाना था।

हालांकि, वे नहीं आए और कांग्रेसी नेताओं द्वारा करीब आधा घंटा तक प्रशासनिक अधिकारियों का इंतजार किया गया जिसके बाद तहसीलदार अभिषेक शर्मा वहां पहुंचे जिन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।



Related