मंत्री उषा ठाकुर का तिरंगा प्रेम! यात्रा में डेढ़ घंटे देरी से पहुंची, भाजपा नेता कुछ कदम भी साथ नहीं चले


मंत्री महोदया के इंतज़ार में तीन सौ से ज्यादा बच्चे काफी देर तक खड़े रहे, इसके बाद आते ही उन्होंने संबोधन में राष्ट्रप्रेम की बातें कीं और तिरंगा यात्रा शुरु हुई लेकिन इस यात्रा में भाजपा नेता कुछ कदम भी नहीं चले…


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Published On :

इंदौर। महू में शुक्रवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह तिरंगा यात्रा काफी मायनों में अलग रही। यहां तिरंगे से ज्यादा माननीयों का सम्मान अहम रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक और मंत्री उषा ठाकुर थी। जो कार्यक्रम के तय समय सुबह दस बजे से करीब डेढ़ घंटे देरी से पहुंची। इस दौरान उनके इंतजार में सैकड़ों विद्यार्थी हाथों में तिरंगे लेकर खड़े रहे। जब मंत्री महोदया आईं तो उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज़ में राष्ट्रप्रेम की बातें की और उमस और गर्मी में खड़े बच्चे और अन्य लोगों ने उन्हें इसी हालत में सुना।

शुक्रवार को शासकीय महाविद्यालय के एनसीसी-एनएसएस के विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा हाई स्कूल चौराहे से सुबह दस बजे शुरू होनी थी इसके लिए सभी विद्यार्थी कॉलेज के प्राचार्य व पुलिस जवान सुबह नौ बजे से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके थे। हाथों में तिरंगा लिए 300 से अधिक विद्यार्थी भी यहां मौजूद थे। जो सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे तक मंत्री उषा ठाकुर का इंतजार करते रहे।

इस दौरान उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंत्री जी को भले ही इसका अंदाज़ा न रहा हो लेकिन आयोजन में मौजूद सभी लोगों को यह बात कहीं न कहीं समझ आ रही थी। ऐसे में कॉलेज प्रशासन और प्राध्यापकों ने अपनी ओर से इन बच्चों को चॉकलेट दी ताकि वे उनका गला ना सूखे।

इसके बाद मंत्री उषा ठाकुर कार्यक्रम स्थल पर पहुंची और उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति लोगों के सामने रखी। मंत्री ठाकुर के भाषण के बाद हरी झंडी दिखाई गई और इस तरह तिरंगा यात्रा शुरू हुई। यहां मौजूद नेता व मंत्री इस यात्रा के साथ चार कदम भी साथ नहीं चले और अपने कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

कई नेताओं ने दबे मुंह यह बात भी कही कि मंत्री को जब राष्ट्रीय ध्वज व राष्ट्रीय तिरंगा यात्रा के लिए ही समय पर आने की ज़रुरत महसूस नहीं हुई तो फिर उनके इस यात्रा के साथ चलने का क्या ही मतलब है!

इस कार्यक्रम में भाजपा के नेता मनोज ठाकुर ठाकुर, जितेंद्र शर्मा, संतोष पाटीदार आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम के आयोजक प्राचार्य डॉ शोभा जैन, प्राध्यापक स्वागता गुप्ता, एनएसएस अधिकारी संजय साहनी, मेजर सौरभ शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।



Related