इंदौरः जेल विभाग का पहला पेट्रोल पंप हुआ चालू, कैदी होंगे यहां के कर्मचारी


मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा इंदौर शहर में पहले से ही पुलिस पेट्रोल पंप संचालित किए जा रहे हैं। लेकिन जेल विभाग द्वारा भी एक नया पेट्रोल पंप बनाया गया है जिसका शुभारंभ शनिवार को जेल डीजी अरविंद कुमार के हाथों किया गया।


vinay-yadav विनय यादव
इन्दौर Updated On :
indore-jail-petrol-pump-starts

इंदौर। मध्यप्रदेश जेल विभाग द्वारा इंदौर में सेंट्रल जेल के नजदीक पेट्रोल पंप का शुभारंभ हुआ। यह पेट्रोल पंप जेल विभाग द्वारा ही बनाया गया है और इसके कर्मचारी जेल के कैदी ही रहेंगे। पेट्रोल पंप का शुभारंभ नवनियुक्त जेल डीजी अरविंद कुमार के हाथों किया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा इंदौर शहर में पहले से ही पुलिस पेट्रोल पंप संचालित किए जा रहे हैं। लेकिन जेल विभाग द्वारा भी एक नया पेट्रोल पंप बनाया गया है जिसका शुभारंभ शनिवार को जेल डीजी अरविंद कुमार के हाथों किया गया।

इस पेट्रोल पंप की खासियत यह है कि इस पेट्रोल पंप पर सभी कर्मचारी जेल के ही कैदी हैं। यह वह कैदी हैं जो 15 वर्षों से अधिक की सजा काट चुके हैं और इनका आचरण भी अच्छा है। ऐसे कैदियों को यहां का कर्मचारी बनाया गया है।

इंडियन ऑयल की अधिकारी सुभ्रा दत्त ने बताया कि पुलिस के साथ तो इंडियन ऑयल के कई पंप हैं, लेकिन जेल विभाग का मप्र का यह पहला पंप है। इसका उद्देश्य रिहा कैदियों, कर्मचारियों के बच्चों को रोजगार उपलब्ध करवाना है। पेट्रोल पंप को लेकर अब जो भी आधुनिक चीजें आएंगी, इसी पंप से शुरू की जाएंगी।

पत्रकारों से चर्चा में जेल डीजी अरविंद कुमार ने बताया कि यह पेट्रोल पंप जेल विभाग और इंडियन ऑय़ल द्वारा बनाया गया है, जहां बंदियों को भी रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कई साल पहले जेल की स्थिति से अब की जेलें बेहतर स्थिति में हैं। सवा सौ करोड़ के देश मे नई जेलों को बढ़ाना थोड़ा मुश्किल है, लेकिन अब सभी जेलों में सुधार हो रहा है। कोरोना काल में इंदौर की जेल एक नंबर पर रही है।

जेल में हुए झगड़ों पर उन्होंने कहा कि ऐसे जगहों पर रोक लगाना मुश्किल है। यह एक आम बात है। इसके पहले भी कई शिकायतें आ चुकी हैं, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और ऐसी आगे स्थिति ना हो उसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

indore-jail-petrol-pump

पेट्रोल पंप हमारा एक एक्सपेरिमेंट है। अगर यह सफल होता है तो आगे और ऐसे प्रोजेक्ट लाए जाएंगे ताकि बंदियों को भी रोजगार मिल सके।

वही इंदौर के सांवेर रोड पर बन रही जेल पर कहा कि अभी वह लंबा प्रोजेक्ट है। अभी उसको बनने में और समय लगेगा। उसमें काफी टेंडर होने हैं जो अभी बकाया हैं। वहां की जेल बनने में अभी लंबा समय लग सकता है।



Related