नाइट कल्चर और नशाखोरी के विरोध पर अड़े बजरंगियों को पुलिस ने पीटा, गिरफ्तारी के बाद अलसुबह छोड़ा


शहर में बढ़ती नशाखोरी और नाइट कल्चर को लेकर दूषित हो रहे माहौल के विरोध में हिन्दू संगठन करीब एक माह से प्रदर्शन कर रहा है।


DeshGaon
इन्दौर Updated On :

इंदौर। शहर में नाइट कल्चर के साथ नशे के बढ़ते चलन को लेकर लगातार विरोध बढ़ रहा है और अब विरोध करने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के रास्ता जाम करने पर पुलिस ने पहले समझाइश दी और नहीं मानने पर लाठीचार्ज किया और बजरंगियों की बुरी तरह पिटाई की।

इस मामले की चर्चा सभी जगह हो रही है। घटना के वीडियो में पुलिस बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को बुरी तरह पीटती हुई नजर आ रही है। हालांकि यहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसके पहले कई बार समझाइश दी गई, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने सख्ती की।

पुलिस के मुताबिक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना था, लेकिन बजरंग दल के लोग सैकड़ों की संख्या में जुट गए और पुलिस पर दबाव बनाने लगे। घटना पलासिया थाने पर हुई जहां नशे के विरोध में प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

दरअसल गुरुवार शाम करीब 7 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता यहां जुटे। वे नशे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने सड़क बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस प्रदर्शन के कारण इस भीड़भाड़ भरे रास्ते पर जाम की स्थिति बन गई।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से पुलिस ने कई बार हटने के लिए कहा, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इस दौरान कई बजरंगी पुलिस पर हावी होने की कोशिश करते भी नजर आए। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने सख्ती शुरू की और फिर आखिरकार लाठीचार्ज किया गया जिसमें कई कार्यकर्ताओं को चोट आई है।

घटना के बाद सारे बजरंगी तितर-बितर हो  गए। कई को ज्यादा चोट भी आई जिन्हें मेडिकल के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। इसके साथ ही तुकोगंज और पलासिया थाने के दो-दो पुलिसकर्मियों का भी मेडिकल कराया गया है।

घटना के बाद गिरफ्तार हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मिलने भाजपा नगर भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे बजरंग दल कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। रणदिवे का कहना है कि घटना को लेकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा की है। हालांकि सुबह चार बजे इन्हें रिहा कर दिया गया है।

DCP धर्मेन्द्र भदौरिया का कहना है कि

गुरुवार शाम साढ़े सात बजे बजरंग दल के लोगों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने और थाने में ज्ञापन देने की बात कही थी, लेकिन 500 कार्यकर्ता यहां जुट गए। पुलिस के लाठीचार्ज के बाद कार्यकर्ता इधर-उधर भाग गए। छप्पन दुकान पर पहुंचे कुछ कार्यकर्ताओं ने दुकानों पर पथराव कर दिया। यहां पहुंचे लोग भी पथराव से बचने के लिए भागते नजर आए। ड्यूटी कर रहे हेड कास्टेबल संदीप सिंह के सिर में चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

बजरंग दल के गन्नी चौकसे ने बताया कि शहर में बढ़ती नशाखोरी और नाइट कल्चर को लेकर दूषित हो रहे माहौल के विरोध में हिन्दू संगठन करीब एक माह से प्रदर्शन कर रहा है। इस दौरान पैदल मार्च कर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को चेतावनी भी दी गई थी कि नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।



Related