मप्र के चुनावी समर में शामिल हो रहे राहुल गांधी, कालीपीपल में जन आक्रोश यात्रा


प्रियंका गांधी जबलपुर और ग्वालियर के दौरे कर चुकी हैं और अब उनकी सभा पांच अक्टूबर को धार में होने जा रही है।


DeshGaon
घर की बात Updated On :

मप्र में चुनावी सरगर्मी में लगातार तेजी आ रही है। कांग्रेस पार्टी की ओर से इस बार राहुल गांधी का दौरा होने जा रहा है। शनिवार को राहुल शाजापुर जिले के कालीपीपल में जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करने जा रहे हैं। कांग्रेस की चुनावी तैयारियां शुरू होने के बाद राहुल की यह पहली सभा है। कांग्रेसियों का दावा है कि इस सभा में करीब एक लाख लोगों की उपस्थिति होगी। इनमें बड़ी संख्या किसानों को ही होगी। प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, कमलनाथ और दिग्विजय सिंह आदि वरिष्ठ नेता राहुल की सभा के लिए इंतज़ाम कर रहे हैं।

प्रियंका गांधी के बाद अब राहुल गांधी मप्र में चुनावी अभियान में शामिल हो रहे हैं।  इससे पहले 12 जून को प्रियंका ने जबलपुर में कांग्रेस की रैली को संबोधित किया था और उसके कुछ हफ्ते बाद ही ग्वालियर में एक और रैली को संबोधित किया था। वह 5 अक्टूबर को पश्चिमी एमपी के धार जिले के आदिवासी बहुल मोहनखेड़ा इलाके में एक और रैली को संबोधित करने वाली हैं। ऐसे में कांग्रेस के बड़े और लोकप्रिय नेताओं की ये सभाएं पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए कारगर मानी जा रहीं हैं। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा ने बताया कि राहुल गांधी इंदौर से शाजापुर और शाजापुर से कालापीपल विधानसभा के पोलायकला पहुंचेंगे। राहुल गांधी के लिए यहां दो हेलीपैड और डोम लगाए गए हैं। सभा में बैठने के लिए डेढ़ लाख वर्ग फुट में टेंट लगाया गया है।

शुक्रवार को शाजापुर पहुंचे कांग्रेस के मप्र प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी का आगमन ऐतिहासिक कदम होगा। यह जनता का जन आक्रोश है। यह जन आक्रोश है पीड़ित किसानों का, यह जन आक्रोश है बिकती नौकरियों का। इसमें इस बार भाजपा सरकार बह जाएगी। इसके लिए राहुल गांधी यहां आ रहे हैं, जो मध्यप्रदेश में बदलाव लेकर आएंगे। वे भाजपा की दमनकारी नीतियों से जनता को राहत दिलाएंगे।

दिसंबर 2022 में अपनी कन्याकुमारी-कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा के करीब नौ महीने बाद मप्र के इस हिस्से में होंगे।  महत्वपूर्ण बात यह है कि शाजापुर जिले की कालापीपल सीट 2018 में कांग्रेस के युवा उम्मीदवार कुणाल चौधरी ने जीती थी। शाजापुर जिले की तीन विधानसभा सीटों में से दो पर वर्तमान में कांग्रेस का कब्जा है। शनिवार की जन आक्रोश रैली के माध्यम से, कांग्रेस का लक्ष्य पश्चिमी एमपी (मालवा क्षेत्र, विशेष रूप से उज्जैन संभाग) और पड़ोसी मध्य एमपी की 20-25 सीटों पर अपने कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाना चाहती है।

जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी उज्जैन की घटना की पीड़िता नाबालिग बच्ची से भी मुलाकात कर सकते हैं। इस बच्ची का इंदौर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला पीड़िता से मिलने के लिए शुक्रवार को अस्पताल पहुंचे थे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर आ रहीं खबरों की मानें तो वे भी इंदौर में बच्ची से मिल सकते हैं। हालांकि इस बारे में अब तक जानकारी स्पष्ट नहीं है।

 



Related