इंदौर से छतरपुर जा रही बस सागर में दुर्घटनाग्रस्त, चार की मौत व 35 यात्री घायल


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में बस में सवार 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 35 से अधिक यात्रियों को चोटों आई हैं।


DeshGaon
सागर Published On :
Bus Accident in Sagar

इंदौर/सागर। सागर के छानबीला थाना क्षेत्र के निवार घाटी पर शनिवार सुबह इंदौर से छतरपुर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 35 से ज्यादा मुसाफिर घायल हुए हैं।

इस भीषण बस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही शाहगढ़ और छानबीला की पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला।

पुलिस ने दुर्घटना में प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में बस में सवार 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 35 से अधिक यात्रियों को चोटों आई हैं।

घायलों को शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से कुछ यात्रियों को गंभीर चोट आने पर उन्हें सागर रेफर कर दिया गया है।

गोल्डन ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी16पी1286 इंदौर से छतरपुर जा रही थी, तभी सुबह करीब पौने छह बजे निवार के घाट पर मुड़ते समय वह पलट गई। हादसे के वक्त बस में सवार यात्री गहरी नींद में सो रहे थे।

बीच घाट पर बस पलटने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना के बाद सबसे पहले 108 एम्बुलेंस पहुंची। एम्बुलेंस स्टाफ द्वारा पुलिस के सहयोग से बस में फंसे घायल यात्रियों को निकालने का काम शुरू हुआ।

करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अधिकांश घायल यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया जबकि कुछ यात्री बस में ही फंसे थे, जिन्हे निकालने के लिए बंडा से हाइड्रा और जेसीबी जैसे संसाधन बुलवाए गए, जिन्होंने बस के हिस्सों को काट कर घायलों को बाहर निकाला।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए दलपतपुर से एक, शाहगढ़ से तीन और बंडा से एक एम्बुलेंस को मौके पर भेजा गया। खबर लिखे जाने तक हादसे में मरने वालों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।

मृतकों में एक महिला, दो युवक व एक अधेड़ बताया जा रहा है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे में मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



Related