VIDEO: राम मंदिर के लिए रैली निकाल रहे हिंदू संगठनों पर उज्जैन में पथराव, तनाव बढ़ा


राम मंदिर निर्माण को लेकर निधि संग्रह किया जा रहा है। इसके लिए रैली निकाली जा रही थी और इस रैली पर पथराव हो गया। घटना के कई वीडियो भी सामने आ रहे हैं। जिसमें नजर आ रहा है कि कैसे महिलाएं तक रैली पर पथराव कर रहीं हैं। हालांकि इन वीडियो की पुष्टी नहीं की जा सकती है।


DeshGaon
उज्जैन Updated On :

उज्जैन। शहर में शुक्रवार शाम को एक हंगामा हो गया जब हिंदूवादी संगठनों द्वारा निकाली जा रही रैली पर एक समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई वाहनों के कांच टूट गए। खबरों की मानें तो कुछ दुकानों को भी इस दौरान नुकसान हुआ है। घटना के कई वीडियो भी सामने आ रहे हैं। जिसमें नजर आ रहा है कि कैसे रैली पर पथराव किया जा रहा है और रैली में भगदड़ मच गई है।

इस घटना के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने भी आ गए जिससे तनाव फैलने की आशंका के चलते पुलिस ने काफी संख्या में बल तैनात कर दिया। मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। इस पथराव के चलते रैली में शामिल छह से अधिक लोग घायल हुए हैं।

घटना की जानकारी देते हुए उज्जैन पुलिस ने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर निधि संग्रह किया जा रहा है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को  टावर चौक से महाकाल मंदिर के समीप स्थित भारत माता मंदिर तक दोपहिया वाहन की रैली निकाली जा रही थी। हिंदूवादी संगठनों इस रैली में शाम करीब 6 बजे बेगमबाग क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक नारेबाजी शुरू हो गई।

इससे नाराज होकर  दूसरे समुदाय के लोगों ने घरों की छतों से रैली में शामिल वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। इससे क्षेत्र में खड़ी दो कार, दो ऑटो, एक जीप एवं बाइक के शीसे टूट गए। इस  पथराव में तीन लोगों को चोट भी आई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। प्रशासन भी इसे लेकर चिंतित हो गया और मौके पर एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला और फिर कलेक्टर आशीष सिंह मौके पर पहुंच गए।

इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि वाहन रैली पर पथराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी लेकिन पुलिस की तत्परता से इसे समय रहते नियंत्रण में ले लिया गया। अधिकारी ने बताया कि  पथराव करने वाले बदमाशों को चिह्नित किया जा रहा है।



Related