स्व सहायता समूहों को कमलनाथ ने दिया आश्वासन, हम आपके साथ न्याय करेंगे


स्वसहायता समूहों को संबोधित करते हुए बोले कमलनाथ, आप लोगों के साथ अब तक अन्याय हुआ


DeshGaon
राजनीति Updated On :

भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनावों की गहमा गहमी शुरु हो चुकी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों इन दिनों पूरी तरह सक्रिय हैं। भाजपा को जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उम्मीद है तो वहीं कांग्रेस में फिलहाल नेतृत्व जमीनी मुद्दों को भुनाने का प्रयास कर रहा है और इसीलिए नेता लगातार क्षेत्रों में जाकर लोगों से मिल रहे हैं। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोनों ही इस काम में सबसे आगे हैं।

रविवार को प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोपाल के भेल दशहरा मैदान में महिला स्व-सहायता समूह के सम्मेलन को संबोधित किया। इस भाषण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि शिवराज सरकार में मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिलाओं के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा, “प्रदेश में 18 वर्षों तक चली भाजपा सरकार में मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिलाओं के साथ अन्याय हुआ है, न केवल यही,  अपमान भी हुआ है।”

उन्होंने कहा कि मैं आपको रसोईया बोलना नहीं चाहता लेकिन आप भोजन बनाती हैं और बच्चों की देखभाल करती हैं, इस तरह आप सामाजिक कार्यकर्ता हैं जो प्रदेश के भविष्य को आकार देते हैं। मैंने आपकी समस्याओं को ध्यान से सुना है। आपने यह बताया है कि आपको उचित मजदूरी नहीं मिलती, गैस सिलेंडर प्राप्त करने में कठिनाईयाँ होती हैं और अन्य कई समस्याएं हैं। कमलनाथ ने कहा कि मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि अगर कांग्रेस सरकार सत्ता में आते ही आपको न्याय दिया जाएगा।

कमलनाथ ने आगे कहा, “मुझे हैरानी हो रही है कि आप इस अन्याय और अपमान को इतने सालों तक कैसे सहे हैं। मध्य प्रदेश में एक करोड़ से अधिक बेरोजगार युवा हैं। मुख्यमंत्री नौकरी और रोजगार की वादाखिलाफी करते हैं। मैं, उनसे कहना चाहता हूँ कि अगर पहले ही कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारी और अतिथि शिक्षक काम कर रहे हैं, तो जरुरी है कि पहले उन्हें नौकरी दें। हमारी सरकार को काम करने के लिए सिर्फ 15 महीने मिले, इसमें हमने नीति और नियत का परिचय दिया। हमारी सरकार ने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, 1000 गौशाला का निर्माण कराया, 100 रु में 100 यूनिट बिजली दी और भी विकास के कार्य किये।’

कमलनाथ ने आगे कहा कि, ‘शिवराज सिंह चौहान सरकार में 18 साल में 22 हजार घोषणाएं हुई हैं। शिवराज सिंह चौहान चुनाव आते देखकर घोषणा मशीन बन गए हैं और अब यह घोषणा मशीन झूठ मशीन में बदल गई है। 18 साल की सरकार में किसान परेशान हैं, नौजवान परेशान हैं, महिलाएं परेशान हैं, बेरोजगारी चरम पर है। भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं है। पैसा दो, काम लो का सिद्धांत प्रदेश में चल रहा है। शिवराज सरकार ने प्रदेश के ऊपर 330000 करोड रुपए का क़र्ज़ चढ़ा दिया है। इस कर्ज का इस्तेमाल बेरोजगारों को नौकरी देने में या महिलाओं का मानदेय बढ़ाने में नहीं किया जा रहा है, बल्कि ठेका और कमीशन में किया जा रहा है। 4 महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, आप सब लोग सत्य का साथ दीजिए और कांग्रेस को विजयी बनाइए।’



Related