आरएसएस और भाजपा पर हमलावर राहुल गांधी, कहा, ये देश में नफ़रत फैला रहे हैं


रायपुर में अपने इस कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने स्थानीय ज़ायके भी चखे।


DeshGaon
छत्तीसगढ़ Published On :

रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को रायपुर में थे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ कई कार्यक्रमों में भाग लिया। शहर के साइंस कॉलेज में हुए एक कार्यक्रम में राहुल गांधी के स्वागत में प्रदेश के कई कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी।

इस दौरान राहुल गांधी ने राज्य में कई नई योजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भी प्रशंसा की और कहा कि चुनाव से पहले किये गए वादों को कांग्रेस पार्टी की सरकार ने पूरा किया है।  रायपुर में अपने इस कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने स्थानीय ज़ायके भी चखे।

 

राहुल गांधी के पहुंचने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए। हालांकि बाद में इन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पकड़ लिया। इससे पहले पुलिस ने बहुत से कार्यकर्ताओं को पकड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इसे सरकार का तानाशाही रवैया बताया।

साइंस कॉलेज में हुए कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस देश पर अपनी विचारधारा लाद रहे हैं।

उन्‍होंने कहा कि यह देश एक गुलदस्‍ते के समान है। इसमें अलग-अलग भाषा, संस्‍कृति और विचारधारा शामिल है लेकिन भाजपा इस गुलदस्‍ते पर आक्रमण करना कर रही है और कांग्रेस और इस देश के लोग इसका विरोध करेंगे।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने नफरता फैला दी है और अब एक प्रदेश को दूसरे प्रदेश से लड़ा रहे हैं। देश के बाहर जो शक्तियां हैं वो हमारी ओर देखती हैं और कह रही है कि हिंदुस्‍तान कमजोर हो रहा है।

इस दौरान राहुल गांधी ने बुधवार को संसद में दिये अपने भाषण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कल मैंने लोकसभा में एक भाषण दिया और उसमें कहा कि हिंदुस्‍तान के सामने दो-तीन बहुत बड़ी चुनौतियां हैं। एक देश कुछ सौ अरबपतियों का जिसमें धन और तकनीक है, दूसरा देश जिसमें हमारे प्यारे देश वासियों का है, करोड़ो लोगों का, गरीबों का देश है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और उनकी विचारधारा हमारे प्‍यारे देश को खतरे की ओर ले जा रहे हैं। वे लोग देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। दो देश बनाने की कोशिश हो रही है। एक देश में चंद अमीर लोग हैं और दूसरे में देश की गरीब जनता है। राहुल ने कहा कि ये लोग सोचते हैं कि गरीब शांत बैठा रहेगा, लेकिन ऐसा नहीं होगा।

राहुल ने कहा कि जो लोग सवाल करते हैं कि 70 साल में क्‍या हुआ, वे लोग दरअसल कांग्रेस का नहीं बल्कि देश के गरीब, मजदूर और किसानों का अपमान करते हैं।

 



Related