लोकसभा चुनाव दूसरा चरणः मप्र की छह सीटों पर हुआ मतदान, होशंगाबाद में सबसे ज्यादा तो रीवा में पड़े सबसे कम वोट


मप्र में भाजपा इन छह सीटों पर पिछले बार चुनाव जीत चुकी है


DeshGaon
लोकसभा चुनाव 2024 Updated On :

मध्य प्रदेश में लगभग 6 संसदीय क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ. MP में शाम 6 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 58.35 रहा। सर्वाधिक 67.16 % मतदान होशंगाबाद क्षेत्र का रहा है, शाम 6 बजे तक विधानसभावार सबसे ज्यादा मतदान होशंगाबाद के पिपरिया में 73.32%, सिवनीमालवा में 69.76%, तेंदूखेड़ा में 69.33%, सोहागपुर में 68.32% और गाडरवारा में 67.72% हुआ। हालांकि इसे फाइनल आंकड़ा नहीं कहा जा सकता है।

 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि कई मतदान केंद्रों पर अभी भी मतदाताओं की भरी कतार लगी हुई है, और इसका आंकड़ा देर तक आने की संभावना है। फाइनल आंकड़ों में एक-दो प्रतिशत की और बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने बताया कि टीकमगढ़ में 59.79, दमोह में 56.18, खजुराहो में 56.44, सतना में 61.87, रीवा में 48.67 और होशंगाबाद में 67.16 फ़ीसदी मतदान हुआ है।

 

दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मध्य प्रदेश की 6 लोकसभा सीटों टीकमगढ़, सतना, रीवा, दमोह, खजुराहो, होशंगाबाद के मतदान केंद्रों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। दूसरे चरण में कुल मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 11 लाख 62 हजार 460 थी। दिव्यांग मतदाता 1 लाख 18 हजार 167 और 85+ के मतदाता 64,703 थे। सेवा मतदाताओं यानी सर्विस वोटर्स की संख्या 13,230 और 18-19 वर्ष के फर्स्ट टाइम वोटर्स की संख्या 3,29,317 थी। छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में कुल 12 हजार 828 मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जिनमें 6 सहायक मतदान केन्द्र भी शामिल थे। दूसरे चरण में 1 हजार 136 मतदान केन्द्र महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किए गए थे। 498 आदर्श मतदान केन्द्र भी बनाए गए थे, और 32 मतदान केन्द्र दिव्यांग मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किए गए थे।

लोकसभा चुनाव में दूसरे चरण का मतदान आज शुक्रवार को शुरू हो चुका है। इस बार 88 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें मध्य प्रदेश की छह सीटें भी शामिल हैं। इन सीटों में टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद हैं। इन सभी सीटों पर भाजपा ने पिछले चुनाव में जीत दर्ज की थी।

दूसरे चरण में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की सीट खजुराहो भी शामिल है। जो दूसरी बार यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा टीकमगढ़ सीट पर भी चुनाव हो रहा है। यहां से केंद्रीय मंत्री रहे वीरेंद्र सिंह सात बार चुनाव जीत रहे हैं, उनके सामने कांग्रेस के पंकज अहिरवार हैं।

इसके अलावा सतना लोकसभा सीट भी है जहां से चार बार जीतने वाले गणेश सिंह मौजूद हैं। उनके सामने त्रिकोणीय मुकाबला है। जहां सिद्धार्थ कुशवाहा कांग्रेस से उनके सामने हैं। यहां नारायण त्रिपाठी को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उतारा है।

वहीं केंद्रीय मंत्री रहे प्रह्लाद पटेल की सीट खाली होने पर भाजपा ने यहां से पुराने कांग्रेसी विधायक राहुल सिंह को उतारा है और कांग्रेस ने तरबर सिंह लोधी को मौका दिया है। राहुल को विधानसभा चुनावों में मौका दिया गया था लेकिन वे हार गए थे। रीवा लोकसभा में बीजेपी ने जनार्दन मिश्रा को दूसरी बार टिकट दिया गया है, जबकि कांग्रेस ने विधायक अभय मिश्र की पत्नी नीलम मिश्रा को मैदान में उतारा है। होशंगाबाद से भाजपा ने किसान नेता दर्शन सिंह और कांग्रेस ने संजय शर्मा को टिकिट दिया है।



Related