मध्‍यप्रदेशः 24 घंटे में रिकॉर्ड 16.70 लाख लोगों ने लगवाई वैक्सीन, प्रदेश ने रच दिया इतिहास


कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण महाअभियान में मध्यप्रदेश ने इतिहास रच दिया है। प्रदेश में एक दिन में सर्वाधिक 16.70 लाख लोगों के कोरोना वैक्सीनेशन के साथ ही देश में रिकॉर्ड बना लिया है।


DeshGaon
इन्दौर Published On :
record-vaccinations-mp

कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण महाअभियान में मध्यप्रदेश ने इतिहास रच दिया है। प्रदेश में एक दिन में सर्वाधिक 16.70 लाख लोगों के कोरोना वैक्सीनेशन के साथ ही देश में रिकॉर्ड बना लिया है।

cowin.gov.in पर दिए डेटा के मुताबिक, एक दिन में करीब 16.70 लाख लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया, जो सरकार की ओर से रखे गए लक्ष्य से 6.70 लाख ज्यादा है।

लक्ष्य से अधिक सफलता पर मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन को बधाई दी है।

इससे खुश सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में आज जितना वैक्सीनेशन हुआ है, उसमें मध्यप्रदेश ने अकेले 20% से ज़्यादा वैक्सीन लगा दी। अगर संपूर्ण वैक्सीनेशन हो गया तो हम कॉलेज, कोचिंग संस्थान खोल सकते हैं। हम 1, 2 और 3 जुलाई को फिर एक महाअभियान चलाएंगे।

टीकाकरण को लेकर राजनीतिक मतभेद भी दरकिनार दिखे। कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने लोगों से टीका लगवाने की अपील की थी।

ऐसी ही अपील प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने भी की थी। मुख्यमंत्री शिवराज ने दोनों विपक्षी दलों के नेतओं के ट्वीट को रीट्वीट किया और लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने पर धन्यवाद दिया।

प्रदेश सरकार ने सात हजार केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की थी। सुबह से ही लोग जबरदस्त उत्साह दिखाते हुए टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। कई टीकाकरण केंद्रों की आकर्षक सजावट की गई थी।

मुख्यमंत्री ने इस महाअभियान के लिए समाज के हर वर्ग और विशेषकर धर्मगुरुओं को इसमें सहयोग मांगा था। समाज की ओर से भी कोरोना की गंभीरता को समझते हुए भरपूर सहयोग दिया गया।



Related