भारत ने 24 घंटे में रिकॉर्ड 86 लाख से ज्यादा वैक्सीन लगवाकर बनाया विश्व कीर्तिमान


cowin.gov.in पर दिए डेटा के मुताबिक, अब तक 86.16 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। इससे पहले 5 अप्रैल को 43 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी यानी नया रिकॉर्ड पुराने से डबल है।


DeshGaon
बड़ी बात Published On :
record-vaccinations

नई दिल्ली। कोरोना से चल रही जंग में वैक्सीनेशन अभियान के तहत सोमवार को भारत ने नया रिकॉर्ड बनाया है। बीते 24 घंटे में देश भर में 86.16 लाख से ज्यादा वैक्सीन के डोज दिए गए।

cowin.gov.in पर दिए डेटा के मुताबिक, अब तक 86.16 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। इससे पहले 5 अप्रैल को 43 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी यानी नया रिकॉर्ड पुराने से डबल है।

इतना ही नहीं ये विश्व रिकॉर्ड है, क्योंकि अब तक दुनिया का कोई भी देश एक दिन में 55 लाख से ज्यादा टीके नहीं लगा पाया था। इस मामले में हमने अमेरिका को भी काफी पीछे छोड़ दिया है।

अमेरिका में अब तक एक दिन में 40 लाख लोगों को टीका लगा है। यह रिकॉर्ड 4 अप्रैल को दर्ज हुआ था। ऑस्ट्रेलिया में अब तक कुल 6.87 लाख डोज लगे हैं। इससे करीब डेढ़ गुना भारत में एक दिन में ही लगा दिए गए।

हालांकि, चीन रोजाना दो करोड़ कोरोना के टीके अपने नागरिकों को लगाने का दावा करता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बिरादरी इस दावे को सही नहीं मानती और उसके दावे को खारिज करती है।

cowin.gov.in के मुताबिक, सोमवार को सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन मध्यप्रदेश में हुआ है। यहां 16.70 लाख लोगों को टीका लगाया गया। यह किसी भी राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड है।

इसके अलावा कर्नाटक में 11.21 लाख और यूपी में 7.25 लाख लोगों ने वैक्सीन लगवाई। दिल्ली में यह संख्या महज 76,282 रही। इस टीकाकरण की सबसे खास बात यह रही कि वैक्सीन लेने वालों में 74 प्रतिशत यानी 61.3 लाख लोग 18 से 44 साल तक के हैं।

देशभर में अब तक 28.87 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज दी जा चुकी है और इनमें से 5.20 करोड़ लोग ऐसे हैं जिनको डबल डोज लग चुके हैं।

रिकॉर्ड लोगों को वैक्सीन लगने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि यह रिकॉर्ड तोड़ वैक्सीनेशन खुश करने वाला है। कोरोना से लड़ने के लिए वैक्सीन हमारा सबसे मजबूत हथियार बना हुआ है। उन सभी को बधाई जिन्होंने टीका लगवाया। सभी फ्रंटलाइन वॉरियर्स को बधाई जिन्होंने सुनिश्चित किया कि इतने सारे लोगों को टीका लगे। वेल डन इंडिया।



Related