पंचायत चुनाव के कारण प्रदेश के सभी सरकारी शिक्षकों की गर्मियों की छुटि्टयां रद्द

DeshGaon
भोपाल Updated On :
mp teachers leaves cancles

भोपाल/इंदौर। प्रदेश के सरकारी स्कूलों के टीचर्स की गर्मियों की छुटि्टयां निरस्त कर दी गई हैं। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश भी जारी कर दिए हैं। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

गौरतलब है कि शुक्रवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की घोषणा कर दी है। इसके बाद सरकार तैयारियों में जुट गई है। 1 मई से 9 जून तक शिक्षकों की गर्मियों की छुटि्टयां घोषित की गई थीं, जो पंचायत चुनाव के चलते निरस्त कर दी गई हैं।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 4.25 लाख लोगाें का स्टाफ की जरूरत होगी। चुनाव में ड्यूटी लगाने अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त किए गए हैं।

teachers leaves cancels

भोपाल में राजभवन के पास बैंक में लगी आग – 

भोपाल में राजभवन के पास पंजाब ज्वेलर्स के दूसरी मंजिल पर आग लग गई। दूसरी मंजिल पर इंडियन ओवरसीज बैंक संचालित है। शुक्रवार देर शाम बैंक कर्मचारियों ने सर्वर रूम से धुआं उठता देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाई।

आग बुझाने के लिए खिड़कियों के कांच तोड़े गए। दमकलर्मियों ने बैंक में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में जनहानि नहीं हुई है।

फायर ऑफिसर रामेश्वर नील ने बताया कि कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में ही दमकलें खड़ी थीं। इसके चलते तुरंत मौके पर पहुंच गई। आग पर कुछ देर में काबू पा लिया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त के कलेक्टर्स को निर्देश- बारिश को ध्यान में रखकर करें चुनाव की तैयारी

राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान आयुक्त सिंह ने कहा कि पारदर्शी, निष्पक्ष और सही ढंग से चुनाव कराने के लिए जो जरूरी हो, वह जरूर करें।

त्रि-स्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन-पत्र केवल ऑफ लाइन ही लिए जाएंगे। साथ ही, निर्देश दिए कि सभी मतदान-केन्द्रों का निरीक्षण बारिश के हिसाब से कर लें। जहां जरूरी हो, वहां मरम्मत आदि का कार्य करा लिए जाएं।

मतदान दलों को सही समय पर मतदान-केन्द्रों तक पहुंचाने के लिए सभी व्यवस्थाएं हों। उन्होंने शस्त्र लाइसेंस निलंबन, संपत्ति विरूपण, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, अवैध शराब जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिला पंचायत सदस्य के लिए नॉमिनेशन फार्म जिला मुख्यालय, जनपद पंचायत सदस्य के लिए ब्लॉक मुख्यालय और सरपंच एवं पंच पद के लिए ब्लॉक व क्लस्टर स्तर पर लिए जाएं।

आचार संहिता के कारण मुख्यमंत्री चौहान के दो बड़े कार्यक्रम रद्द – 

पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद आचार संहिता लग गई है। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दो बड़े कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। 28 मई को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के आवास प्लस के तहत स्वीकृति व करीब 5 लाख हितग्राहियों को किश्त की राशि जारी की जानी थी।

इसके अलावा शुक्रवार शाम 7 बजे ग्राम चौपाल कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के साथ मुख्यमंत्री शिवराज ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से संवाद करने वाले थे।

भोपाल में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, एक की मौत व दूसरा गंभीर रूप से घायल – 

भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र में सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है।

घायल युवक को उपचार के लिए हमीदिया हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मध्यप्रदेश में तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव, 25 जून से 8 जुलाई तक मतदान – 

प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव की घोषणा कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने पंचायत चुनाव का ऐलान किया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने कहा कि बारिश के कारण पहले पंचायत चुनाव कराए जा रहे हैं। पंचायत क्षेत्र के लिए आचार संहिता आज से लागू कर दी गई। नगरीय निकाय में इसका प्रभाव नहीं होगा।

पहले चरण में 25 जून को, दूसरे चरण में 1 जुलाई और तीसरे चरण में 8 जुलाई को मतदान होगा। सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा मतदान। पंचायत चुनाव ईवीएम से नहीं होंगे। मतपत्रों के जरिए चुनाव होगा।

चुनाव 4 लाख पदों के लिए होंगे। नामांकन 30 मई से भरे जा सकेंगे। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 10 जून दोपहर 3 बजे तक है। वोटिंग के लिए मतदाता पहचान पत्र जरूरी। परिणामों की घोषणा ब्लॉक मुख्यालय पर की जाएगी।

पहले चरण में 115 जनपद पंचायतों में चुनाव होंगे। इसके लिए 27049 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दूसरे चरण में 106 जनपद पंचायतें हैं। ग्राम पंचायतों की संख्या 7661 है। दूसरे चरण में 23,988 केंद्रों पर मतदान होगा। तीसरे चरण में सिर्फ 92 जनपद पंचायतें हैं।

प्रत्येक चरण में 6649 ग्राम पंचायतें हैं जबकि मतदान केंद्र 20606 हैं। 5 जिलों में एक चरण में ही चुनाव हो जाएगा। 8 जिलों में दो चरणों में पंचायत चुनाव होंगे। बाकी 39 जिलों में तीन चरणों में चुनाव होगा।

मतगणना 14 जुलाई को होगी। जबकि जिला पंचायत सदस्य का परिणाम 15 जुलाई को आएगा।

CM शिवराज बोले- पंचायत में महिलाओं के निर्विरोध चुनाव पर 15 लाख का पुरस्कार –

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समरस पंचायतों एवं उनके विकास की दृष्टि से आदर्श ग्राम पंचायतों के प्रोत्साहन हेतु पुरस्कार की घोषणाएं की हैं। ऐसी ग्राम पंचायतें जहां निर्विरोध निर्वाचन और सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न होंगे, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।

सरपंच निर्विरोध चुने जाने पर पंचायत को 5 लाख, दूसरी बार निर्विरोध होने पर 7 लाख, पूरी पंचायत में महिलाओं के निर्विरोध होने पर 15 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

पंचायतों को विकास की दृष्टि से आदर्श बनाने के लिए 4 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर पंचायत का पुरस्कार, जल परिपूर्ण पंचायत का पुरस्कार, स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित पंचायत का पुरस्कार, महिला एवं बाल हितैषी पंचायत का पुरस्कार।

सतना में रिश्वत लेते पकड़ाए डिप्टी रेंजर और दो बीट गार्ड –

लोकायुक्त रीवा की टीम ने डिप्टी रेंजर और दो बीट गार्डों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शुक्रवार की सुबह टीम ने सतना वन मंडल के परसमनिया में दबिश दी और डिप्टी रेंजर अनिल चतुर्वेदी को 20 हजार रुपये लेते पकड़ा।

आरोपी की मदद कर रहे दो बीट गार्ड नीरज दुबे और अनिल भी पकड़ाए हैं। रिश्वत की यह रकम ठेका कंपनी से वसूली जा रही थी। दरअसल इलाके में घर-घर नल जल पहुंचाने के लिए गणेश कंस्ट्रक्शन कंपनी रेट्रोफिटिंग का काम कर रही है।

कंपनी को पाइप लाइन डालने के लिए जमीन की खुदाई करनी थी। परसमनिया वन क्षेत्र है, लिहाजा वहां डिप्टी रेंजर वन भूमि का हवाला देकर खुदाई नहीं करने दे रहे थे। इसी काम के बदले उन्होंने 20 हजार रुपये की घूस मांगी थी। डिप्टी रेंजर के कमरे से एक पिस्टल भी मिली है, जिसका लाइसेंस वह नहीं दिखा पाया है।

ग्वालियर-चंबल में सामान्य और SC-ST वर्ग पर दर्ज मुकदमे खत्म होंगे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्वालियर और चंबल में पिछले दिनों हुई हिंसा के दौरान सामान्य और एससी एसटी वर्ग के खिलाफ जो मुकदमे दर्ज किए गए हैं वह दोनों समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा ज्योतिरादित्य सिंधिया और तोमर से बातचीत के बाद वापस करने का निर्णय लिया गया है। जो भी मामले दर्ज हैं उन्हें खत्म किया जाएगा।

पंकज श्रीवास्तव गुना और जगदीश डाबर शाजापुर एसपी –

गृह विभाग ने आईपीएस और राज्य पुलिस सेवा के अफसरों के तबादले किए है। इसमें 2 आईपीएस, 2 डीएसपी के तबादले किए और 21 डीएसपी को प्रमोट किया है। पंकज श्रीवास्तव को गुना एसपी और जगदीश डाबर को शाजापुर एसपी बनाए गए।

नरोत्तम ने कांग्रेस पर कसा तंज –

प्रदेश के गृह एवं संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा शुक्रवार की सुबह खंडवा पहुंचे। संघ के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने पुलिस अफसरों की बैठक ली।

इसके बाद प्रेस से चर्चा करते हुए उन्होंने कांग्रेस को नसीहत दी और कहा कि वे भारत जोड़ो की जगह कांग्रेस जोड़ो अभियान चलाएं। कांग्रेस की हालत ऐसी है कि, एक हफ्ते में उनके तीन नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। हार्दिक पटेल, सुनील जाखड़ और कपिल सिब्बल ने कांग्रेस छोड़ दी।

गृहमंत्री ने कहा- मुझे कांग्रेस के पतन पर वह गीत याद आ रहा है, इस दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा। कपिल सिब्बल जैसे वरिष्ठ नेता ने साइकिल थाम ली है।

मिश्रा ने मध्यप्रदेश में दंगों को लेकर कहा कि- प्रदेश शांति का टापू है। एकमात्र दंगा खरगोन में हुआ है। इसके बाद कोई दंगों की साजिश नहीं रचेगा।



Related