कर्मचारी आंदोलनों के बीच शिवराज सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ता


प्रदेश के साढ़े सात कर्मचारियों को होगा इसका फायदा


DeshGaon
भोपाल Published On :
mp-cm-shivraj

इंदौर। सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे सरकारी कर्मचारियों को मनाने के लिए सरकार ने फिर एक ऐलान किया है। इस ऐलान के बाद प्रदेश के साढ़े सात लाख कर्मचारियों को लाभ होगा।

मुख्यमंत्री शिवराज शनिवार  को नसरुल्लागंज में थे जहां वे हर शाला-स्मार्ट शाला कार्यक्रम के लिए पहुंचे थे। यहां उन्होंने स्थानीय शिक्षकों के काम की तारीफ़ की और कहा कि यहां के शिक्षकों का अद्वितीय कार्य पूरे प्रदेश को प्रेरणा देगा। मुख्यमंत्री ने यहां कर्मचारियों का डीए यानी महंगाई भत्ता चार प्रतिशत बढ़ाने का ऐलान किया।  इस तरह महंगाई भत्ता अब 34 से 38 प्रतिशत हो जाएगा। इससे हर साल 1440 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।

सरकार के इस फैसले का का लाभ कुल साढ़े सात लाख कर्मचारियों को होगा। फिलहाल प्रदेश में 6.40 लाख नियमित कर्मचारी हैं और वहीं 1.40 लाख अस्थायी कर्मचारी हैं। इन कर्मचारियों में से जिन्हें न्यूनतम 15500 वेतन मिलता है उन्हें 625 रुपये का लाभ होगा और प्रदेश में 2.15 लाख वेतन पाने कर्मचारियों को करीब 9000 रुपये का लाभ होगा।

पिछले दो सालों से डीए का गणित गड़बड़ाया हुआ है। केंद्र ने इस रोक को जुलाई 2021 से हटा दिया था। राज्य सरकार ने अक्टूबर 2021 से 8% डीए दिया। मार्च 2022 में 5% डीए व 1 अगस्त से 3% डीए दिया। ऐसे में 4500 करोड़ रुपए डीए के भुगतान पर देने पड़े।

मुख्यमंत्री एक ओर जहां कर्मचारियों को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर प्रदेश के लाखों कर्मचारी प्रदेश सरकार के खिलाफ़ अपनी दूसरी मांगें उठा रहे हैं। इनमें सभी सरकारी कर्मचारियों द्वारा पुरानी पेंशन योजना लागू करने के लिए मांग की जा रही है वहीं बिजली कर्मचारी भी हड़ताल करने जा रहे हैं।



Related