वृंदावनः धर्माचार्य की पत्नी ने लगाया प्रज्ञा ठाकुर पर हमला करने का आरोप, पीएसओ व ड्राइवर गिरफ्तार


पुलिस ने इस मामले में भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के पीएसओ, ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है।


DeshGaon
भोपाल Published On :
pragya thakur

भोपाल/वृंदावन। वृंदावन के भूरीवाला आश्रम में स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद में भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर भी कूद पड़ी हैं और उन पर आरोप लगाया जा रहा है कि आश्रम पर कब्जे को लेकर साध्वी प्रज्ञा हथियारबंद लोगों के साथ वृंदावन पहुंची हैं।

इतना ही नहीं भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर पर यह भी आरोप लग रहे हैं कि सोमवार को उन्होंने भागवताचार्य नागेंद्र महाराज की पत्नी मीनाक्षी दत्त के साथ बदसलूकी भी की।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के पीएसओ, ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है।

बता दें कि वृंदावन के मोतीझील इलाके में भागवताचार्य नागेंद्र महाराज के निवास के पास में ही भूरीवाला आश्रम है जिसके स्वामित्व को लेकर पिछले काफी समय से दो पक्षों में विवाद चल रहा है।

हालिया 7 अक्टूबर को आश्रम के स्वामित्व को लेकर इन दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हुई थी जिसमें स्वामी दर्शनानंद सहित नौ लोग घायल हो गए थे और अब अचानक ही सोमवार को साध्वी प्रज्ञा ठाकुर वहां पहुंच गईं।

सांसद प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ आरोप लगाने वाली भागवताचार्य नागेंद्र महाराज की पत्नी मीनाक्षी दत्त ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक गाड़ी में सवार प्रज्ञा ठाकुर के साथ आए चार-पांच लोग उनके आवास पर आकर गालीगलौज कर रहे थे जिनके साथ भूरीवाला आश्रम का एक संत भी था।

इसके अगले दिन सोमवार को प्रज्ञा ठाकुर के साथ आए हथियारबंद गुंडों ने उनके घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि भाजपा सांसद के गनर ने बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा साथ आए अन्य लोग भी अभद्रता कर रहे थे और बदनीयती के साथ घर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।

इस सारी घटना के दौरान ही पुलिसवाले वहां पहुंचे और उन्होंने मीनाक्षी को उन लोगों से बचाया। मथुरा पुलिस सांसद प्रज्ञा ठाकुर के पीएसओ मनीष भट्ट, ड्राइवर द्रवेश के अलावा एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेते हुए कोतवाली ले आई।

नागेंद्र महाराज का कहना है कि पकड़े गए लोगों से हथियार भी बरामद हुए हैं वहीं प्रज्ञा ठाकुर का आरोप है यह सब स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है और एसएचओ पूर्वाग्रह से ग्रसित हैं।

भाजपा सांसद ने उल्टा धर्माचार्य की पत्नी पर गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए कहा कि नागेंद्र महाराज आश्रम पर कब्जा करना चाहते हैं। प्रज्ञा ठाकुर ने अपने बयान में कहा है कि वे भूरीवाला आश्रम में संतों से मिलने आई थीं। इसी दौरान भागवताचार्य की पत्नी गालीगलौज करने लगी।

दूसरे दिन भी स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में भागवताचार्य की पत्नी उनका नाम लेकर गाली देने लगी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब उनके सुरक्षा गार्डों ने उसे गाली देने से रोकने का प्रयास किया तो पुलिस ने सुरक्षा गार्डों को हिरासत में ले लिया।

उन्होंने मथुरा एसपी, जिला कलेक्टर, और राज्य के डीजीपी से भी इस मामले में बात की है। यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी पुलिस की कार्यप्रणाली की शिकायत करेंगी।



Related