127 केंद्रों पर वैक्सीनेशन, जागरूकता रथ को विधायक-कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी


धार जिला मुख्यालय पर कन्या महाविद्यालय परिसर में विधायक नीना विक्रम वर्मा, कलेक्टर आलोक कुमार सिंह ने सर्वप्रथम कन्या पूजन कर तत्पश्चात फीता काटकर इस महाअभियान का शुभारंभ किया।


DeshGaon
धार Published On :
corona-vaccination-dhar

धार। प्रदेश के साथ-साथ सोमवार को जिले में 127 केंद्रों पर कोविड-19 वैक्सीनेशन महाअभियान का शुभारंभ किया गया। जिला मुख्यालय पर कन्या महाविद्यालय परिसर में विधायक नीना विक्रम वर्मा, कलेक्टर आलोक कुमार सिंह ने सर्वप्रथम कन्या पूजन कर तत्पश्चात फीता काटकर इस महाअभियान का शुभारंभ किया।

एडीएम सलोनी सिडाना, उपाध्यक्ष नगर पालिका कालीचरण सोनवानियां, एसडीएम दिव्या पटेल इस मौके पर वहां मौजूद थीं। कलेक्टर सिंह ने यहां उपस्थित लोगों को संकल्प दिलवाया कि मैं स्वयं वैक्सीन लगवाऊंगा और अपने परिवारजनों मित्रों को भी वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करूंगा।

वैक्सीनेशन मेरी जिद है, यही सुरक्षा चक्र है, वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करना एक पवित्र कार्य है। आइए हम सब मिलकर वैक्सीनेशन के लिए जुटें, वैक्सीन प्रेरक बन सहयोग करें और वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाएं।

इस दौरान उन्होंने टीकाकरण केंद्रों का अवलोकन किया और वैक्सीनेशन करवा रहे लोगों से चर्चा भी की। इसके पश्चात उन्होंने गुब्बारे छोड़ व हरी झंडी दिखाकर स्वास्थ्य विभाग व नगर पालिका के प्रचार वाहन को लोगों को जागरूक करने के लिए रवाना किया।

इसके बाद विधायक नीना वर्मा तथा कलेक्टर सिंह पीथमपुर के एकेवीएन सेज 2 में चल रहे वैक्सीनेशन की साइट पर पहुंचे। यहां के वैक्सीनेशन सेंटर का इन्होंने फीता काटकर, कन्यापूजन कर, माल्यार्पण कर शुभारंभ किया।

शुभारंभ के पश्चात उन्होंने टीका लगवा रहे लोगों से चर्चा कर उनका हौंसलाअफजाई भी की तथा 5 मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान विधायक नीना वर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने दुनिया में अपने देश का नाम रोशन किया है। कोविड जैसी महामारी जिसमें देश और दुनिया हिल चुकी थी। उन्होंने सबसे पहले देश की चिंता करते हुए कोविडशील्ड की परमिशन दी और इसको लगवाने का प्रयास किया।

कोरोना जैसी महामारी से बचने का एक मात्र उपाय वैक्सीनेशन है। वैक्सीन लगवाना हम सब के लिए पहली प्राथमिकता है। जन-जन तक वैक्सीन पहुंचाने के लिए इस महाअभियान की शुरुआत हुई है।

आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इस महाअभियान की शुरुआत हुई है। इसके लिए प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं जिन्होंने सर्वाधिक टीके उपलब्ध करवाए, जिससे जनता सुरक्षित हो सकेगी।

उन्होने अपील की है कि लोग डरें नहीं, इस कोरोना महामारी से बचने के लिए एक मात्र उपाय वैक्सीन है। आप स्वयं आकर अपना वैक्सीनेशन करवाएं, अपने परिवार का वैक्सीनेशन करवाएं, इस महाअभियान में अपना सहयोग दें।

कलेक्टर आलोक कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में पूरे जिले में 127 साइटों पर महाअभियान की शुरुआत की गई है और अगले एक हफ्ते तक यह अभियान चलेगा। जनता में वैक्सीनेशन को लेकर काफी उत्साह है।

तीन दिनों की तैयारियों का परिणाम आज देखने को मिल रहा है। हमने 40 हजार के लक्ष्य के विरूद्ध 50 हजार तक पहुंचने का तय किया है। लोगों के उत्साह को देखकर लगता है कि पीथमपुर में और भी वैक्सीन की आवश्यकता पड़ेगी।

सभी कंपनी अपने कर्मचारियों को टोकन देकर लिस्टिंग कर लें और यहां अगले एक सप्ताह तक लगातार यह वैक्सीनेशन होगा। इसके बाद भी जुलाई माह में एक और बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा।

लोगों के उत्साह को देखकर लग रहा है कि हम अपने लक्ष्य की पूर्ति कर लेंगे। उन्होंने सब से अनुरोध किया है कि टोकन लेकर अपनी बारी का इंतजार करें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, मास्क लगाएं।

हमारा प्रयास रहेगा कि कोई भी व्यक्ति वैक्सीनेशन से न छूटे, खासकर पीथमपुर क्षेत्र में यहां से आवगमन होता जिससे संक्रमण की संभावना रहती है। यहां शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य है।



Related