धारः अमझेरा में मंत्री दत्तीगांव ने किया आजादी का अमृत महोत्सव अभियान का शुभारंभ


भारत के आजादी के 75 वर्ष को सम्मानपूर्वक बनाने के लिए “आजादी का अमृत महोत्सव” अभियान का कार्यक्रम जिला मुख्यालय के साथ-साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमझेरा में भी आयोजित किया गया।


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :
dattigaon-in-azadi-ka-amrit-mahotsav

धार। भारत के आजादी के 75 वर्ष को सम्मानपूर्वक बनाने के लिए “आजादी का अमृत महोत्सव” अभियान का कार्यक्रम जिला मुख्यालय के साथ-साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमझेरा में भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मप्र के मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने कन्या पूजन कर किया। मंत्री दत्तीगांव ने कार्यक्रम स्थल पर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके पूर्व उन्होंने गढ़ी स्थित मां नागणेचा का पूजन-अर्चन कर महाराणा बख्तावर सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर सांसद छतरसिंह दरबार, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती पटेल, जिला अध्यक्ष राजीव यादव, जिला कलेक्टर आलोक कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य कमल यादव, संजय बघेल, सरपंच पप्पू अजनारे व बड़ी संख्या में गणमान्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम जनता उपस्थित थे।

मंत्री दत्तीगांव ने संबोधित करते हुए कहा कि महाराणा बख्तावर सिंह इंकलाब की आग लगाने वाले भारत के सच्चे सपूत थे, जो भारत की गुलामी की बेड़ियों को तोड़ने के लिए फांसी पर झूल गए। जिले के साथ-साथ प्रदेश में 23 स्थानों पर शुक्रवार को यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है जिसमें क्रांतिकारी सपूतों को याद किया जा रहा है।

dattigaon

इस कार्यक्रम में बहुत सी बालिकाएं हैं, जिनके मन में इस कार्यक्रम के भाव को पहुंचाना है। यही भारत का भविष्य बनेंगी। हमें क्रांतिकारियों की आजादी के योगदान को समझना चाहिए। आप कल्पना नहीं कर सकते पहले कैसे घुटन का माहौल रहा होगा, उस समय यह क्रांतिकारी जागृत नहीं होते तो आज का यह समय नहीं आता। आज हम उन्हें इसलिए याद करते हैं क्योंकि उन्होंने अपनी जन्म भूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने आगे कहा कि महाराणा बख्तावर सिंह के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों ने भी बलिदान दिया है। महाराणा बख्तावर जी का महल जिस भव्यता में पहले था, उसी रूप में लाने का प्रयास करेंगे। इस महल के लिए 10 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।

महल में स्वतंत्रता संग्राम को सजीव रूप में लाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही इससे हमारी धरोहर का विकास होगा और इसे अधिक ख्याति प्राप्त होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने यह कार्यक्रम इसलिए रखा कि आप सबके मन में उन शहीदों के लिए भाव जागृत रहे।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 10 फरवरी को क्षेत्र के युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान में अपनी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति साल में दो बार अपना रक्तदान कर सकता है और जरूरतमंद की जान बचा सकता है। क्षेत्र के बच्चों को रुकमणी की गाथा के बारे में बताया जाए।

सांसद छतर सिंह दरबार ने कहा कि इन शहीदों ने देश की आजादी के लिए अपने जीवन की आहुति दी है। उन्होंने कहा कि यह विचारणीय है कि शहीदों ने क्या भाव से भारत माता की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया और अपना नाम अमर शहीदों में शामिल कर लिया।

जिला पंचायत अध्यक्ष मालती पटेल ने कहा कि वास्तव में हम लोगों के लिए गौरव की बात है। महाराणा बख्तावर सिंह यहां निवास करते थे। आज हम उन क्रांतिकारियों की वजह से ही शांति से रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन शहीदों की याद में अपने घर में एक दीया जरूर लगाएं।

संभागीय संगठन मंत्री जसपाल चावला ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज बहुत ही गौरवपूर्ण क्षण है। प्रधानमंत्री जी ने 12 मार्च से 1 वर्ष के लिए अलग-अलग कार्यक्रम रखे हैं। यह कार्यक्रम पूरे वर्ष चलेगा। इन कार्यक्रमों से महापुरुषों के समर्पण को जानने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर इस देश को शक्तिशाली वैभवशाली बनाने में अपनी सहभागिता देनी होगी।

राजीव यादव ने कहा कि आज ऐतिहासिक क्षण है। क्रांतिकारियों ने आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। महाराणा बख्तावर सिंह ने अंग्रेजों को अपनी किसी भी छावनी पर कब्जा नहीं करने दिया था।

उधर नगर पालिका में हुआ आयोजन –

जिला मुख्यालय स्थित धार नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित “आजादी का अमृत महोत्सव” के दौरान सांसद छतर सिंह दरबार, कलेक्टर आलोक कुमार सिंह, राजीव यादव, नपाध्यक्ष पर्वत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष कालीचरण सोनवानिया, विश्वास पांडे सहित पार्षदगण और नागरिक मौजूद थे। अतिधियों द्वारा कन्या पूजन किया गया।

कार्यक्रम को छतर सिंह दरबार, राजीव यादव, पर्वत सिंह चौहान, कालीचरण सोनवानिया ने संबोधित किया। स्वागत भाषण एसडीएम सत्यनायरण दर्रो ने दिया। आभार सीएमओ विजय शर्मा ने व्यक्त किया।



Related