सिंघार, ग्रेवाल, बघेल और मेड़ा चारों विधायकों को फिर से मौका, फिलहाल होल्ड पर हैं धार और बदनावर


जानिये कांग्रेस नेतृत्व द्वारा चुने गए चेहरों की अपने इलाकों में राजनीति


आशीष यादव आशीष यादव
धार Published On :

विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी चौपाल सजने लगी है जैसे-जैसे प्रत्‍याशियों के चेहरे साफ हो रहे है, वैसे-वैसे चुनावी रंग भी बढ़ने लगेगा। भाजपा ने जिले में चार प्रत्‍याशियों की घोषणा कर दी है जबकि कांग्रेस की तरफ से एक भी घोषणा नहीं हो पाई थी इसलिए कांग्रेस की सूची का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। यह इंतजार रविवार को खत्‍म हुआ। कांग्रेस ने पहली सूची जारी करते हुए प्रदेश के 144 विधायकों को टिकट जारी कर दिए। इनमें धार जिले की चार सीटों से मौजूदा विधायकों को टिकट दिए है।

इनमें गंधवानी से उमंग सिंघार, सरदारपुर से प्रताप ग्रेवाल, धरमपुरी से पांचीलाल मेड़ा व कुक्षी से सुरेंद्रसिंह हनी बघेल को टिकट दिया गया है जबकि बहुप्रतिक्षित धार, बदनावर और मनावर में टिकट होल्‍ड कर लिए गए हैं। मनावर में जयस संरक्षक डॉ. हीरालाल अलावा का कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार विरोध कर रहे हैं। इस कारण टिकट होल्‍ड होने की बात कही जा रही है जबकि बदनावर से पूर्व विधायक भंवरसिंह शेखावत के नाम की चर्चा है। जिन्‍हें प्रदेश के उद्योग मंत्री राजवर्धन दत्‍तीगांव के सामने कांग्रेस चुनाव मैदान में उतार सकती है।

पहली सूची में बदनावर की घोषणा रोकना नए समीकरण को भी हवा दे सकती है। वहीं धार में टिकट को लेकर कुलदीप बुंदेला के अलावा पूर्व जिपं अध्‍यक्ष मनोज गौतम की मजबूत दावेदारी ने आलाकमान को सोचने पर मजबूर दिया है।

इन नेताओं को मिला टिकट

गंधवानी से उमंग सिंघार : मौजूदा विधायकों में कांग्रेस के कद्दावर नेता पूर्व वन मंत्री व विधायक उमंग सिंघार को पार्टी ने गंधवानी से चौथी बार टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा गया है। सिंघार गंधवानी से तीन बार के विधायक है। इस बार चौथी बार वे चुनाव मैदान में उतरेंगे। गंधवानी में सिंघार कांग्रेस से एकलौते दावेदार है। वर्ष 2008 से अब तक हुए तीन चुनावों में वे लगातार जीतते आए है। जबकि डेढ़ वर्ष की कांग्रेस सरकार में वे वन मंत्री रह चुके है और निमाड़ में कांग्रेस का बड़ा आदिवासी चेहरा हैं।

जनआक्रोश यात्रा ने उमंग सिंघार का कद निमाड़ की सभी सीटों पर बढ़ाया है। खासतौर पर धार जिले की सभी सीटों पर उनके कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज कांग्रेस के लिए काम करती है। राष्‍ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की सभा के दौरान भी भीड़ जुटाने में उमंग सिंघार ने महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब चौथी बार गंधवानी से उमंग सिंघार चुनाव लड़ने जा रहे हैं, उनके सामने भाजपा पहले ही धार जिला पंचायत अध्‍यक्ष सरदारसिंह मेड़ा को अधिकृत प्रत्‍याशी के तौर पर मैदान में उतार चुकी है।

धरमपुरी से पांचीलाल मेड़ा : धरमपुरी से पार्टी ने मौजूदा विधायक पांचीलाल मेड़ा को रिपीट कर दिया है। माना जा रहा था कि मेड़ा का धरमपुरी में विरोध बहुत ज्‍यादा है। ऐसे में धरमपुरी से मेड़ा का टिकट कटने की संभावना थी।अतिवृष्टि के दौरान लोगों का भी भारी विरोध देखने को मिला था। धरमपुरी से पूर्व सांसद गजेंद्रसिंह राजूखेड़ी, प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री सुखराम मकवाना व जिला पंचायत सदस्‍य राजूबेन चौहान का नाम भी टिकट की रेस में चल रहा था लेकिन कांग्रेस ने मौजूदा विधायक पांचीलाल मेड़ा पर ही भरोसा जताया है। अब मेड़ा लोगों का भरोसा जीतने में सफल रहते हैं या नहीं, चुनाव मतदान और परिणाम के वक्‍त ही पता चल पाएगा लेकिन टिकट पाने की रेस तो जीत गए है।

सरदारपुर से प्रताप ग्रेवाल : सरदारपुर विधानसभा से कांग्रेस ने चौथी बार प्रताप ग्रेवाल को विधायक का टिकट दिया है। वर्ष 2008 से उन्‍होंने पहली चुनावी रण संभाला था। इसके बाद से लगातार कांग्रेस के टिकट पर वे दो बार विधायक चुने गए। जबकि वर्ष 2013 में उन्‍हें पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया के हाथों हार का भी सामना करना पड़ा था। वर्ष 2018 के चुनाव में उन्‍होंने जीत दर्ज की। इसके बाद दोबारा पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए टिकट दिया है। हालांकि भाजपा ने सरदारपुर से अब तक टिकट फाइनल नहीं किया है। सरदारपुर से प्रताप ग्रेवाल की साफ छवि और मजबूत पकड़ उनकी लोकप्रियता और जीतने के लिए अहम फैक्‍टर रहता है। इस बार ग्रेवाल के सामने पुराने प्रतिद्वंंदी के आने की भी संभावना बनी हुई है। ऐसे में मुकाबला रोचक होने की उम्‍मीद है।

कुक्षी से सुरेंद्र सिंह हनी बघेल : कुक्षी में तीसरी बार पूर्व मंत्री व मौजूदा विधायक सुरेंद्र सिंह हनी बघेल को टिकट दिया है। प्रदेश की सबसे बड़ी जीत गत विधानसभा चुनाव में हनी बघेल ने दर्ज की थी। कांग्रेस की परंपरागत सीट मानी जानेे वाली कुक्षी में हनी बघेल यहां से चुनाव लड़ेंगे। यहां पर भाजपा ने पहले ही प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल को अधिकृत प्रत्‍याशी के तौर पर घोषित कर दिया है। कांग्रेस के हनी बघेल जैसे युवा उम्‍मीदवार के सामने भाजपा के युवा नेता जयदीप पटेल के बीच होने वाला चुनावी मुकाबला काफी रोचक होने की उम्‍मीद है।

तीन सीटों पर टिकट किया होल्‍डः कांग्रेस ने जिले की तीन सीटों को होल्‍ड कर दिया है। इनमें धार, मनावर और बदनावर शामिल है। सबसे ज्‍यादा चर्चा धार विधानसभा के टिकट को लेकर है। धार विधानसभा से कांग्रेस के कुलदीप बुंदेला और मनोज गौतम प्रमुख दावेदार है। बीते कुछ दिनों में मनोज गौतम का नाम प्रमुख तौर पर सामने आया है।

इस कारण टिकट की रेस में गौतम फिलहाल आगे चल रहे है। संभावना है कि पूर्व जिला पंचायत अध्‍यक्ष मनोज गौतम के नाम पर कांग्रेस मोहर लगा सकती है। हालांकि पूर्व सीएम कमलनाथ के कोटे से बुंदेला अपने टिकट के दावा कर रहे है। सूत्र बताते है कि कांग्रेस के तीन सर्वे में पिछड़ने के कारण टिकट की राह बुंदेला के लिए मुश्किल हुई है। हालांकि धार विधानसभा के टिकट की घोषणा तीसरी और अंतिम सूची में आने की संभावना है।



Related