भाजपा नेता प्रीतम लोधी ने ब्राम्हणों और कथावाचकों पर दिया विवादित बयान, एफआईआर दर्ज


BJP ने जारी किया नोटिस, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के सामने होगी पेशी, कांग्रेस ने भी लपका मौका


DeshGaon
ग्वालियर Updated On :

भोपाल। भाजपा नेता प्रीतम लोधी ने ब्राह्मणों, कथावाचकों पर एक विवादित बयान दिया है। लोधी ने बीते 17 अगस्त को शिवपुरी के बदरवास गांव के खरैह गांव में रानी अवंतीबाई लोधी की 191 वीं जयंती कार्यक्रम में हुए एक कार्यक्रम में यह बयान दिया था। उन्होंने कहा कि कथावाचक और पंडित आपको पागल बनाते हैं। ये लोग दक्षिणा लेकर रफू चक्कर हो जाते हैं। ये कथावाचक कम उम्र की महिलाओं को आगे बिठाते हैं। इनकी नजर कहीं और ही होती है। ये बयान देते हुए लोधी का ये वीडियो वायरल है। इसे लेकर लोधी पर शिवपुरी में ही केस दर्ज हो चुका है। वहीं भाजपा ने उन्हें नोटिस जारी किया है और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के सामने पेश होकर जवाब देने को कहा है। प्रदेश कांग्रेस इसे लेकर हमलावर नजर आ रही है।

प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी ने उन्हें भोपाल तलब किया है।

वीडियो सामने आने के बाद लोधी के खिलाफ़ ब्राम्हण समाज के कई लोग आक्रामक हो गए हैं।  शिवपुरी में प्रवीण मिश्रा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, सर्व ब्राम्हण समाज रन्नौद की शिकायत पर पुलिस ने लोधी के खिलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है। उक्त कार्यक्रम के दौरान लोधी ने ब्राम्हणों के लिए कई अपमानजनक बातें कहीं जिससे ब्राह्मण समाज में नाराज़गी है।

ग्वालियर में इस घटना को लेकर ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर ज्ञापन दिया है। यहां लोगों ने प्रीतम लोधी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके साथ ही एसपी से लोधी को गिरफ्तार करने की मांग की है। कांग्रेस ने भी इस राजनीतिक मौके को लपका है।

कथावाचक सहित पंडित आपको नवरात्रि के 9 दिन रोजाना 7-8 घंटे तक पागल बनाते हैं। कहते हैं कि अगर तुम दान करोगे तो भगवान तुमको देगा। महिलाएं इनकी बातों में आ जाती हैं और दूध, घी, दही अपने बच्चों को खिलाने की बजाय इन्हें दे देती हैं। ब्राह्मण 9 दिन तक आपको उल्लू बनाने और बातें करने के आपसे 25 से 50 हजार रुपए भी लेता है। इतना ही नहीं ये लोग सुंदर महिलाओं के घर चयन करते हैं। उनके घर जाकर कहते हैं, महाराज आज शाम का भोजन आपके यहीं करेंगे, लेकिन इनकी नजर कहीं और ही होती है। कथा के दौरान यह कहते हैं कि 20 से 30 साल की महिलाएं आगे बैठ जाओ। 30 से 45 साल की महिलाएं बीच में और बुजुर्ग महिलाएं पीछे बैठ जाओ। इसके बाद यह गाने गा-गाकर उन्हें नचवाते हैं और खुद ऊपर बैठे आनंद लेते हैं।

इस मामले में कांग्रेस हमलावर नजर आ रही है। मामले में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्रीतम लोधी के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का केस दर्ज कर जेल भेजने की मांग की है। डॉ. गोविंद सिंह के कहा कि प्रीतम लोधी ने समाज में भेदभाव पैदा करने और जाति विशेष को अपमानित करने का काम किया है।

उधर प्रीतम सिंह लोधी ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि मैंने यह बात मिर्ची बाबा, आसाराम और राम-रहीम जैसे लोगों के लिए कही थी। यह वीडियो तोड़-मरोड़कर बनाया है। इसे जो लोग वायरल कर रहे हैं वो समाज में जहर घोलना चाहते हैं। ये उनका काम है, जिनके खिलाफ मैं चुनाव लड़ते आ रहा हूं। मैंने तो फर्जी लोगों से बचने के लिए कहा था, मेरे शब्द अच्छे लोगों के लिए नहीं थे।



Related