परिवहन अधिकारी की संपत्ति देख हैरान रह गए छापा मारने गए EOW के अधिकारी


EOW की तीस सदस्यों की टीम ने बुधवार रात पाल के शताब्दीपुरम स्थित घर पर छापा मारा।


DeshGaon
जबलपुर Published On :

जबलपुर। परिवहन विभाग के ARTO संतोष पाल पर EOW  के छापे में उनकी अकूत संपत्ति मिली है। यह संपत्ति उनकी कमाई से करीब साढ़े छह सौ प्रतिशत अधिक है। संतोष पाल का रहन सहन देखकर ऐसे मलाईदार पदों पर बैठने वाले सरकारी अधिकारियों की कमाई का अंदाज़ा लगाना मुश्किल नहीं है। पाल की पत्नी रेखा इसी विभाग में क्लर्क हैं। जांच अधिकारी उनकी संपत्ति और कागजातों की भी जांच कर रहे हैं।

EOW की तीस सदस्यों की टीम ने बुधवार रात पाल के शताब्दीपुरम स्थित घर पर छापा मारा। हालांकि इसकी भनक उन्हें पहले ही लग गई थी। ऐसे में वे अपने घर का लग्ज़री सामान दूसरे ठिकानों पर भेज रहे थे। इस छापे में 16 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर मिले हैं। पाल का घर देखकर अधिकारी भी हैरान थे। दस हजार वर्ग फुट में फैले इस आलीशान घर में बेसमेंट के अलावा तीन और मंजिले हैं। ये घर ऐशोआराम के सामान से भरा पड़ा है। इसमें सुंदर इंटीरियर के अलावा मिनि थियेटर और स्विमिंग पूल भी है।

इस छापे के बाद प्रदेश में भ्रष्टाचार पर सवाल उठ रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार पर सख्त रुख़ अपनाने की बात कही थी और इस दौरान प्रदेश में भ्रष्टाचार के कई मामले में सामने आ रहे हैं।

पाल के पास जो संपत्ति मिली है उसमें मकान और फार्म हाउस अहम हैं। मकानों में ग्वारीघाट में पीपी कॉलोनी में 1,247 वर्गफीट का एक मकान, शंकरशाह वार्ड में 1,150 वर्गफीट का मकान, शताब्दीपुरम एमआर 4 रोड में दो मकान कुल 10 हजार वर्गफीट में, कस्तूरबा गांधी वार्ड में 570 वर्गफीट का मकान, गढ़ा फाटक में 771 वर्गफीट का मकान, चरंगवा रोड स्थित ढीमरखेड़ा में 1.4 एकड़ का फार्म हाउस, दो कार, एक मोपेड शामिल हैं।



Related