अभिनेता सन्नी देओल पहुंचे महू के इंफेंट्री म्यूज़ियम, जाना देश की पैदल सेना का स्वर्णिम इतिहास


फिल्म गदर-2 के प्रमोशन के लिए इंदौर आए हैं सन्नी देओल


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Updated On :

इंदौर के नजदीक महू छावनी में बने एशिया और देश के पहले पैदल सेना के संग्रहालय में फिल्म अभिनेता सन्नी देओल पहुंचे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सैन्य छावनी में पहुंचे अभिनेता ने यहां झंडा भी फहराया। महू में बना यह इन्फेंट्री म्यूज़ियम दुनिया में दूसरा ऐसा स्थान है जहां पैदल सेना का इतिहास सहेजा गया है और भारत की पैदल सेना की हर जानकारी यहां मिलती है।

मंगलवार को यहां पहुंचे अभिनेता सन्नी देओल अपनी नई फिल्म गदर टू के प्रमोशन के लिए इंदौर आए हुए थे। उन्होंने इसके पहले महू जाने का कार्यक्रम बनाया था। सनी के साथ उनके बेटे करण सिंह देओल भी थे। सनी देओल अपनी फिल्म गरद टू के ही गेटअप में थे। फिल्म, जिसमें वे तारा सिंह का किरदार निभा रहे हैं।

सनी देओल को देखने उनसे हाथ मिलाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए सैन्य अधिकारी और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद तमाम लोग कोशिश में थे। परिसर में विशाल तिरंगा फहराने के बाद सनी ने अंदर जाकर इन्फेंट्री म्यूजियम को देखा। यहां उनके साथ मौजूद सैन्य अधिकारियों ने उन्हें पैदल सेना के करीब सवा दो सौ साल के इतिहास के बारे में बताया। इसके बाद सनी देओल इंदौर के लिए रवाना हो गए यहां एक होटल में उनकी फिल्म का प्रमोशन इवेंट आयोजित किया गया।

महू में इंफेंट्री म्यूजियम

महू का इंफेंट्री म्यूजियम पैदल सेना का इतिहास संजोए एक शानदार स्थान है। यहां महराजा रंजीत सिंह, वीर शिवाजी महराज से लेकर 1857 की क्रांति, इसके बाद हुए विश्व युद्ध और इसके बीच हुए तमाम युद्धों का इतिहास बेहद संजीदगी से उकेरा गया है। यहां भारतीय सेना के पराक्रम से जुड़ी कई कहानियां हैं जिन्हें ऑडियो-वीडियो माध्यम से देखा-सुना जा सकता है।

1857 की क्रांति का इतिहास थ्री डी में

भारत की पैदल सेना के नायकों के जीवंत प्रतिमाएं यहां थ्रीडी तकनीक से बनाई गई हैं। वहीं युद्ध के पहलों को भी दर्शाने की कोशिश बहुत अच्छे तरीके से की गई है। म्यूजियम का काम जारी है और फिलहाल यहां के तीसरे हिस्से में कारगिल हॉल बनाया जा रहा है। जहां कारगिल युद्ध का इतिहास संजोया जा रहा है।

 



Related