महू शहर में पहली बार रंगपंचमी पर दिखा उत्साह, फूल-रंग व गुलाल से तरबतर हुई सड़कें


पहली बार रंगपंचमी पर तीन आयोजन हुए जिसमें बड़ी संख्या में शहर के नागरिकों ने शामिल होकर पूरे जोश के साथ रंग-गुलाल उड़ाया। यह उत्साह सुबह से लेकर शाम तक रहा।


अरूण सोलंकी अरूण सोलंकी
इन्दौर Published On :
mhow rangpanchami 1

महू। इस वर्ष रंगपचंमी का पर्व महू शहर में ज्यादा ही उत्साह के साथ मनाया गया। पहली बार रंगपंचमी पर तीन आयोजन हुए जिसमें बड़ी संख्या में शहर के नागरिकों ने शामिल होकर पूरे जोश के साथ रंग-गुलाल उड़ाया। यह उत्साह सुबह से लेकर शाम तक रहा।

शहर में अब तक रंगपंचमी का पर्व सामान्य रूप से मनाया जाता रहा है। इस दिन निकलने वाली गेर व फाग यात्रा में नाममात्र के नागरिक शामिल होते रहे हैं।

इसका उत्साह भी शहर के कुछ मोहल्लों तक ही सीमित रहता था, लेकिन इस वर्ष रंगपंचमी का उत्साह व जोश पूरे शहर में छाया रहा जो सुबह से शुरू होकर शाम तक रहा।

केला माता की फाग यात्रा में राधाकृष्ण आकर्षण का केंद्र बने थे तो पिपलेश्वर गणेश मंदिर की फाग यात्रा में मिसाइल ने उंची-उंची इमारतों तक रंग उड़ा कर पूरा माहौल रंगीन कर दिया।

पहली गेर मेन स्ट्रीट से निकली जिसमें कुछ वर्ष पूर्व तक आयोजकों के अलावा नाममात्र के नागरिक शामिल होते रहे थे, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। इस गेर ने शहर का माहौल रंगीन कर दिया।

इसमें मुख्य रूप से राम किशोर शुक्ला, योगेश मूंदड़ा, पंकज मेठी, विजय अग्रवाल आदि प्रमुख थे। इस गेर ने पूरे शहर में रास्ते भर फूल व रंग गुलाल उड़ाया। इसमें शामिल नागरिकों पर बिल्डिंगों से पानी व फूल बरसाए गए।

दोपहर बारह बजे केला माता समिति की फाग यात्रा निकली। इस फाग यात्रा मे बग्गी में सवार राधाकृष्ण, शिव-पार्वती आकर्षण का केंद्र रहे जिन्होंने रास्ते भर फूल व गुलाल उड़ाया।

mhow rangpanchami 3

गोकुलगंज से शुरू हुई यह फाग यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए केला माता चौराहे पर समाप्त हुई। इस फाग यात्रा में अग्रवाल समाजबंधु हजारों की संख्या में शामिल हुए।

दोपहर बाद पिपलेश्वर गणेश मंदिर की फाग यात्रा निकली। इस यात्रा की शुरुआत सनत जैन ने की थी। इस यात्रा को निकालने का निर्णय एक दिन पूर्व ही लिया गया। इसके आयोजक राम चौरसिया थे।

इस यात्रा में मिसाइल से रंग-गुलाल व फूल उड़ाए गए। इस यात्रा का समापन शाम चार बजे हुआ। इन तीन आयोजन के कारण मंगलवार को पूरा नगर रंग-गुलाल व फूलों से पट गया।

mhow rangpanchami 2

मंगलवार को इन आयोजनों ने इंदौर की रंगपंचमी का माहौल दिया। इनके अलावा शहर भर में रंगपंचमी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इन आयोजनों के कारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

एसडीएम अक्षत जैन, तहसीलदार अभिषेक शर्मा, थाना प्रभारी अरूण कुमार सोलंकी अपने दल के साथ पूरे समय शहर पर नजर रखे हुए थे।



Related