खंडवाः कृषि कानूनों की वापसी की मांग, इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर किसानों ने किया चक्काजाम


केंद्र सरकार के लाए गए विवादित कृषि बिलों के विरोध में कांग्रेस और किसान मजदूर महासंघ के आह्वान पर इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर छैगांवमाखन में किसानों ने शनिवार दोपहर साढ़े बारह बजे चक्का जाम कर दिया।


DeshGaon
इन्दौर Published On :
khandwa-chakka-jaam

खंडवा। केंद्र सरकार के लाए गए विवादित कृषि बिलों के विरोध में कांग्रेस और किसान मजदूर महासंघ के आह्वान पर इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर छैगांवमाखन में किसानों ने शनिवार दोपहर साढ़े बारह बजे चक्का जाम कर दिया।

यहां चक्का जाम पर बैठे कांग्रेसी नेताओं और किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विवादित कृषि कानूनों को वापिस लेने की मांग उठाई। चक्का जाम के दौरान यहां भारी मात्रा में पुलिसबल सहित अधिकारियों की टीम मौजूद रही।

इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर जाम की स्थिति से लोगों को परेशानी ना हो इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा ट्रैफिक को डायवर्ट करने की तैयारी कर ली गई थी। खंडवा की ओर से जाने वाले ट्रक और अन्य भारी वाहनों को इंदौर नाका क्षेत्र में ही रोक लिया गया था।

वहीं बसों का आवागमन डायवर्ट मार्ग से किया गया। इसी तरह इंदौर की ओर से आने वाले वाहनों को भी परिवर्तित मार्ग से लाया गया। किसान बिल के विरोध में कांग्रेस के आंदोलन को देखते हुए यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

सड़क पर धरना देकर बैठे किसानों ने जमकर नारेबाजी की। यहां धरना-प्रदर्शन को किसान महासंघ के पदाधिकारियों और कांग्रेसी नेताओं ने संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों को किसान विरोधी बताया। धरना आंदोलन दो बजे समाप्त कर दिया गया।

memo-kisan-andolan

इस दौरान किसानों की ओर से ज्ञापन भी यहां मौजूद अधिकारियों को सौंपा गया। इस ज्ञापन में कृषि कानून वापस लिए जाने की मांग रखी गई।

बता दें कि विवादित कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर देशभर में किसान आंदोलन कर रहे हैं। इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर इससे पूर्व भी किसानों द्वारा कृषि बिल वापस लिए जाने की मांग को लेकर चक्का जाम किया गया था।



Related






ताज़ा खबरें