कांग्रेस के नारी सम्मान योजना की लॉन्चिंग के पहले ही दिन हुए 1,02,406 रजिस्ट्रेशन


पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने 9 मई को छिंदवाड़ा से किया था शुभारम्भ, सभी जिलों में एक साथ लॉन्च हुई योजना, कांग्रेस सरकार आने पर महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह और 500 रुपये में मिलेगा गैस सिलेंडर।


DeshGaon
राजनीति Published On :
nari samman yojana and kamalnath

भोपाल। मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 9 मई को छिंदवाड़ा के परासिया से नारी सम्मान योजना का शुभारम्भ किया और पूरे प्रदेश के हर जिले में योजना को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने लॉन्च किया।

योजना की लॉन्चिंग के पहले ही दिन मध्यप्रदेश की मातृ शक्ति ने नारी सम्मान योजना को हाथोहाथ लिया है और प्रदेश के सभी जिलों से 9 मई की शाम 7 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, पहले दिन 1,02,406 फार्म भरे गये।

मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं योजना के प्रभारी प्रकाश जैन ने बुधवार को जारी किए गए एक बयान में यह बात कही। उन्होंने बताया कि समाज के सभी वर्गों की महिलाओं ने नारी सम्मान योजना के रजिस्ट्रेशन में उत्साह दिखाया।

पहले दिन कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, डॉ. गोविंद सिंह, सुरेश पचौरी, अरूण यादव, कांतिलाल भूरिया सहित पूर्व मंत्रियों एवं कांग्रेस विधायकों ने अपने हाथ से महिलाओं से नारी सम्मान योजना के फॉर्म भरवाये।

पूरे प्रदेश में बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक के नेता और कार्यकर्ता नारी सम्मान योजना के फॉर्म भरवाने का कार्य संपादित कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की कोशिश है कि मप्र की समस्त महिला मतदाताओं से नारी सम्मान योजना के फॉर्म भरवाये जायें और उन्हें इस योजना के लाभ से अवगत कराया जाये।

कमलनाथ ने बुधवार को एक ट्वीट कर प्रदेश की नारी शक्ति से नारी सम्मान योजना में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि महंगाई के दानव को अगर प्रदेश से हटाना है तो हर महिला को उसका सम्मान दिलाना होगा। नारी सम्मान योजना इस दिशा में एक पहल है।

कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर योजना से संबंधित फॉर्म भरवाने के साथ ही प्रत्येक घर पर नारी सम्मान योजना का स्टीकर लगा रहे हैं। साथ ही कमलनाथ सरकार के समय किये गये जनहित के कार्यों और विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण के कार्य की जानकारी घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।

बता दें कि प्रदेश की नारी शक्ति का सम्मान करते हुये कमलनाथ सरकार ने कन्या विवाह की सहायता राशि 28 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपये कर दी थी। वृद्ध और विधवा महिलाओं की पेंशन राशि 150 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिमाह कर दी थी।

इसके साथ ही बिजली के बिल 100 रुपये में 100 यूनिट कर दिये गये थे। कमलनाथ सरकार के इन फैसलों से सबसे ज्यादा फायदा प्रदेश की महिलाओं को मिला था।

जैन ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर एक बार फिर से महिलाओं का सम्मान होगा, महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों में कमी आयेगी, महिलाओँ के बेहतर स्वास्थ्य के लिए योजनाएं शुरू की जायेंगी। नारी सम्मान योजना इसका पहला चरण होगी।



Related